3 बहनों का एक दूल्हा: मंदिर में लिए सात फेरे; हमेशा साथ-साथ रहने के लिए रचाई शादी
जनरल फोर्स ब्यूरो/अमरोहा
अमरोहा। दो सगी तथा एक चचेरी बहन ने एक ही युवक से मंदिर में शादी कर ली। यूट्यूबर बहनों ने वीडियो इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट किया तो इसे सनातन परंपरा के विरुद्ध बताते हुए विरोध भी हुआ।
इस पर बहनों और युवक ने एक और वीडियो (व्लॉग) बनाकर पोस्ट किया। इसमें बहनों ने अलग न होने की चाह में एक ही युवक से शादी करने बात कही। हालांकि दैनिक जागरण इसकी पुष्टि नहीं करता है। सीओ पंकज कुमार त्यागी का कहना है कि इस तरह का कोई मामला संज्ञान में नहीं है।
हसनपुर निवासी तीनों बहनें रील बनातीं हैं। शादी का वीडियो जारी होने के बाद लोगों की प्रतिक्रिया आने पर जारी करीब छह मिनट के वीडियो में पति के साथ मौजूद बहनों ने बताया कि तीनों बचपन से एक साथ रहीं। दो बहनों में से एक बहन की शादी पिता कहीं और करना चाहते थे।
इसी बीच तीनों बहनों ने मिलकर कहा कि हमारी शादी ऐसी जगह की जाए, जिससे हमारा साथ हमेशा बना रहे। वह तीन सगे भाइयों से शादी करना चाहती थीं। ऐसा कोई रिश्ता नहीं मिला। अलग शादी करने से बेहतर उनके लिए जान देना था।
इस बीच हसनपुर के ही एक युवक के राजी होने पर 15 जुलाई को तीनों बहनों ने चामुंडा मंदिर में परिवार के लोगों व रिश्तेदारों को शामिल किए बिना शादी कर ली। युवतियों के मुताबिक इसका कोई विरोध नहीं हुआ। इस संबंध में परिवार वाले किसी भी प्रकार की बात करने से इन्कार कर दिया।
