अमरोहा में खाद्य विभाग की छापेमारी से मचा हड़कंप, 11 खाद्य पदार्थों के लिए गए नमूने
जनरल फोर्स ब्यूरो/अमरोहा
गजरौला। अमरोहा के मंडी धनौरा में खाद्य विभाग की टीम ने शनिवार को चौपला स्थित बिरयानी की दुकानों और ठेलों के साथ कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय तथा प्राथमिक विद्यालय भानपुर खालसा में खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहीत किए।
टीम ने कुल 11 नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे। खाद्य विभाग की कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा।
खाद्य विभाग के अधिकारी मनोज कुमार के नेतृत्व में टीम ने चौपला पर खाद्य पदार्थों की जांच के लिए अभियान चलाया। इस दौरान मुरादाबादी हलीम बिरयानी की दुकान से बिरयानी व हलीम, शमा चिकन बिरयानी से चिकन बिरयानी और टमाटर की चटनी के नमूने लिए गए।
वहीं, आसिफ अहमद की मुरादाबादी हलीम बिरयानी की दुकान से भी हलीम और बिरयानी के नमूने संग्रहीत किए गए। इसके अलावा टीम ने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय से मिक्स दाल, आलू-पत्ता गोभी की सब्जी, रोटी और चावल के नमूने लिए।
प्राथमिक विद्यालय भानपुर खालसा से आलू-सोयाबड़ी की सब्जी और चावल के नमूने संग्रहीत किए गए। मनोज कुमार ने बताया कि खाद्य विभाग की टीम ने सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के संबंध में स्थिति स्पष्ट होगी।
