जनगणना-2027 के दूसरे चरण का प्रशिक्षण शुरू, 788 प्रगणक व पर्यवेक्षक ले रहे प्रशिक्षण
जिलाधिकारी ने किया शुभारंभ, पारदर्शिता और सटीकता के साथ कार्य करने के दिए निर्देश
एटा । जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के सफल क्रियान्वयन के लिए बुधवार को जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी एम. अरुन्मोली ने श्री गांधी स्मारक इंटर कॉलेज, एटा में फील्ड ट्रेनरों द्वारा आयोजित प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उप जिलाधिकारी सदर श्वेता सिंह ने बताया कि तहसील सदर क्षेत्र में तीन प्रशिक्षण केंद्रों पर प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है। श्री गांधी स्मारक इंटर कॉलेज में छह बैचों में 294, अविनाशी सहाय इंटर कॉलेज में छह बैचों में 294 तथा ज्ञान भारती विद्यालय में चार बैचों में 200 कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस प्रकार कुल 16 बैचों में 788 प्रगणक एवं पर्यवेक्षक प्रशिक्षित किए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसलिए सभी कार्मिक प्रशिक्षण को गंभीरता और पूरी एकाग्रता के साथ प्राप्त करें। प्रशिक्षण के दौरान किसी भी विषय में भ्रम या असमंजस होने पर तत्काल प्रशिक्षकों से जानकारी लेकर अपनी शंकाओं का समाधान करें, ताकि जनगणना का कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार त्रुटिरहित ढंग से संपन्न हो सके।
उन्होंने निर्देश दिए कि घर-घर जाकर सूचनाओं का संकलन पूरी पारदर्शिता एवं सटीकता के साथ किया जाए। सभी कार्मिक शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए जनगणना कार्य को जिम्मेदारीपूर्वक पूरा करना सुनिश्चित करें।
वहीं, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी सीपी पाठक ने ज्ञान भारती विद्यालय में नगर पालिका की ओर से आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर श्वेता सिंह, तहसीलदार नीरज वार्ष्णेय, नायब तहसीलदार सतीश कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं फील्ड ट्रेनर उपस्थित रहे।
