कायमगंज CHC की खुली पोल, गंदे बेड, गायब कर्मचारी और लापरवाही पर डिप्टी सीएमओ ने लगाई फटकार |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
4 Min Read

कायमगंज/फर्रुखाबाद।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं और साफ-सफाई की बदहाल व्यवस्था उस समय उजागर हो गई, जब सोमवार सुबह डिप्टी सीएमओ डॉ. सरवर इकबाल ने अचानक अस्पताल पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। करीब 11 बजे हुए इस निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन और कर्मचारियों में खलबली मच गई। निरीक्षण के दौरान जगह-जगह गंदगी, महिला वार्ड में अव्यवस्थाएं, फटी और गंदी बेडशीट तथा कर्मचारियों की गैरहाजिरी सामने आई। इतना ही नहीं, प्रसव के बाद भर्ती मरीजों को निर्धारित समय तक निगरानी में रखने के बजाय सुबह ही छुट्टी दिए जाने का मामला भी सामने आया।

महिला वार्ड की बदहाली देख भड़के डिप्टी सीएमओ

अस्पताल पहुंचते ही डिप्टी सीएमओ ने परिसर, इमरजेंसी और ओपीडी का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब मिली। महिला वार्ड में पहुंचने पर दीवारों पर जाले लगे दिखाई दिए। मरीजों के बिस्तरों पर बिछी बेडशीट गंदी होने के साथ-साथ फटी हुई थीं। रबर शीट की हालत भी संतोषजनक नहीं मिली। मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने वाले अस्पताल में इस तरह की बदइंतजामी देखकर डिप्टी सीएमओ ने कड़ी नाराजगी जताई।

तीन कर्मचारी बिना सूचना मिले गायब, चिकित्सा अधीक्षक को फटकार

निरीक्षण के दौरान जब अधिकारियों ने कर्मचारियों का उपस्थिति रजिस्टर खंगाला तो सौरभ, अनुराग और वार्ड आया प्रीति बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए। अस्पताल जैसी आवश्यक सेवा में कर्मचारियों की इस तरह की लापरवाही पर डिप्टी सीएमओ ने नाराजगी जाहिर करते हुए चिकित्सा अधीक्षक को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने अनुपस्थित कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने और व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार कराने के निर्देश दिए।

प्रसव के बाद रातभर भी नहीं रखा मरीजों को निगरानी में, आठ महिलाओं की छुट्टी पर उठे सवाल

निरीक्षण के दौरान महिला वार्ड के डिलीवरी रजिस्टर की जांच में एक और गंभीर मामला सामने आया। जानकारी के अनुसार, बीती रात अस्पताल में भर्ती हुई करीब आठ प्रसूताओं को सुबह ही छुट्टी दे दी गई थी। इस पर डिप्टी सीएमओ ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रसव के बाद जच्चा और बच्चा दोनों की स्वास्थ्य स्थिति पर विशेष नजर रखना जरूरी है। नियमानुसार मरीजों को उनकी स्थिति के अनुसार 24 से 48 घंटे तक चिकित्सकीय निगरानी में रखा जाना चाहिए। ऐसे में रात में भर्ती हुई प्रसूताओं को सुबह ही छुट्टी दिए जाने पर सवाल खड़े हो गए।

स्टाफ नर्सों की मनमानी की शिकायत, ड्यूटी व्यवस्था बदलने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान मरीजों के तीमारदारों ने रात की ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्सों की कार्यशैली और मनमानी को लेकर भी शिकायतें कीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए डिप्टी सीएमओ ने स्टाफ की ड्यूटी अलग-अलग शिफ्ट में व्यवस्थित करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को समय पर उपचार और बेहतर देखभाल मिल सके।

निरीक्षण ने खोली स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत

डिप्टी सीएमओ के औचक निरीक्षण ने कायमगंज सीएचसी की व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी। अस्पताल में गंदगी, खराब बेडशीट, कर्मचारियों की अनुपस्थिति और प्रसूताओं को जल्द छुट्टी दिए जाने जैसे मामले स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *