फर्रुखाबाद।
रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रही एक युवती के साथ सरेआम छेड़छाड़ और मारपीट किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्लेटफॉर्म पर हुई इस घटना से युवती दहशत में आ गई। आरोप है कि युवक ने पहले उसका मोबाइल फोन छीन लिया और फिर नंबर ब्लॉक करने की वजह पूछते हुए उसके साथ अभद्रता, छेड़छाड़ और मारपीट की। पीड़िता की शिकायत पर जीआरपी ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक, शमसाबाद थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती फर्रुखाबाद शहर के एक नर्सिंग होम में नौकरी करती है। बताया गया है कि आरोपी रितिक शाक्य निवासी प्रेमपुर, छिबरामऊ, जनपद कन्नौज, युवती का रिश्तेदार भी है। पहले दोनों के बीच बातचीत होती थी, लेकिन युवक की लगातार परेशानी से तंग आकर युवती ने कुछ दिन पहले उसका मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया था। इसी बात को लेकर आरोपी युवती से नाराज चल रहा था।
बताया जाता है कि शनिवार शाम युवती फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर कासगंज पैसेंजर ट्रेन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान आरोपी अचानक वहां पहुंच गया। आरोप है कि उसने युवती से नंबर ब्लॉक करने का कारण पूछते हुए उसका मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते आरोपी ने युवती के साथ मारपीट और छेड़छाड़ शुरू कर दी। रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थान पर हुई इस घटना से वहां मौजूद लोगों में भी हलचल मच गई।
घटना के बाद पीड़िता ने रविवार शाम जीआरपी थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर जीआरपी ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रकाश शर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सोमवार को आरोपी रितिक शाक्य को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी का अपना मेडिकल स्टोर है। युवती द्वारा बातचीत बंद करने और मोबाइल नंबर ब्लॉक किए जाने के बावजूद वह लगातार उसे परेशान कर रहा था। फिलहाल जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया है।
रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक और व्यस्त स्थान पर युवती के साथ हुई इस घटना ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
