सेवा संकल्प अभियान’ के प्रथम दिन मेडिकल कॉलेज सहित अलीगंज पीएचसी व सीएचसी जलेसर में रक्तदान शिविर आयोजित

By
Web Desk
Web Desk हमारी संपादकीय टीम का आधिकारिक प्रोफ़ाइल है, जो विभिन्न स्रोतों से प्राप्त समाचारों का सत्यापन कर उन्हें पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय रूप...
5 Min Read

सेवा संकल्प अभियान’ के प्रथम दिन मेडिकल कॉलेज सहित अलीगंज पीएचसी व सीएचसी जलेसर में रक्तदान शिविर आयोजित

जनरल फोर्स ब्यूरो

Ad image

एटा । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितम्बर से प्रारंभ हुए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जनपद में जनसेवा, स्वास्थ्य जागरूकता एवं सामाजिक सहभागिता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के प्रथम दिन वीरांगना अवंतीबाई लोधी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, एटा से संबद्ध चिकित्सालय के साथ-साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलेसर में भी रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। जनपद के विभिन्न रक्तदान शिविरों में 39 से अधिक लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान कर जनसेवा का संकल्प लिया।

मेडिकल कॉलेज में आयोजित विशाल रक्तदान शिविर का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड एवं मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बलवीर सिंह ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया। उनके साथ युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र भदौरिया एवं युवा मोर्चा महामंत्री युवराज सिंह ने भी रक्तदान किया।

रक्तदान शिविर में चिकित्सकों, सीनियर एवं जूनियर रेजिडेंट, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ, कर्मचारियों तथा अन्य लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया। इस दौरान रक्तदान के महत्व एवं आवश्यकता के प्रति लोगों को जागरूक किया गया तथा स्वस्थ एवं सक्षम व्यक्तियों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया गया।

अलीगंज पीएचसी एवं सीएचसी जलेसर में भी आयोजित हुए रक्तदान शिविर

‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलेसर में भी रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में स्वास्थ्य विभाग के कार्मिकों एवं स्थानीय लोगों ने सहभागिता करते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया। जनपद के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित रक्तदान कार्यक्रमों में कुल 39 से अधिक रक्तदाताओं ने रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के जीवन की रक्षा में सहयोग देने तथा जनसेवा की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।

मरीजों एवं तीमारदारों को फल वितरित कर ली स्वास्थ्य की जानकारी

रक्तदान शिविर के पश्चात जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड एवं प्राचार्य डॉ. बलवीर सिंह ने स्त्री एवं प्रसूति रोग, मेडिसिन, सर्जरी, आईसीयू सहित विभिन्न विभागों में भर्ती मरीजों एवं उनके तीमारदारों को फल वितरित किए। इस दौरान मरीजों एवं तीमारदारों से संवाद कर उनके स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी भी ली गई।

ईएनटी विभाग में एमबीबीएस छात्र-छात्राओं ने लगाई स्वास्थ्य जागरूकता प्रदर्शनी

इसी क्रम में मेडिकल कॉलेज के नाक, कान एवं गला रोग (ईएनटी) विभाग में विशेष प्रदर्शनी आयोजित की गई। एमबीबीएस छात्र-छात्राओं द्वारा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा संबंधी विभिन्न विषयों पर तैयार किए गए मॉडल एवं शैक्षणिक प्रस्तुतियां प्रदर्शित की गईं। अतिथियों एवं कॉलेज प्रशासन ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विद्यार्थियों से उनके मॉडल के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा उनके प्रयासों की सराहना की। प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बलवीर सिंह ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान जरूरतमंद व्यक्ति के उपचार एवं जीवन रक्षा में सहायक हो सकता है। उन्होंने स्वस्थ एवं सक्षम लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता, स्वच्छता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को जनसहभागिता के माध्यम से निरंतर मजबूत करना है।

17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जनपद में स्वास्थ्य जागरूकता, जनसेवा, स्वच्छता, रक्तदान एवं सामाजिक सहभागिता से संबंधित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक सेवा एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों को पहुंचाने तथा जनसहभागिता के माध्यम से सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने का प्रयास किया जा रहा है।

इस अवसर पर डॉ. राजेंद्र सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी; डॉ. सुरेश चंद्रा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक; डॉ. मोनू यादव, उप मुख्य चिकित्सा अधीक्षक; डॉ. विवेक पाराशर, आचार्य; डॉ. विनोद धनगर, आचार्य हड्डी रोग विभाग; डॉ. प्रवीन गर्ग, आचार्य ईएनटी विभाग; डॉ. प्रशांत भारद्वाज, सह आचार्य पैथोलॉजी विभाग; डॉ. अर्चना यादव, सहायक आचार्य; डॉ. आशीष शर्मा; डॉ. योगेंद्र सिंह, सहायक आचार्य सहित सीनियर एवं जूनियर रेजिडेंट, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की गई तथा सेवा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।

Subscribe Newsletter

Loading
TAGGED:
Share This Article
Web Desk हमारी संपादकीय टीम का आधिकारिक प्रोफ़ाइल है, जो विभिन्न स्रोतों से प्राप्त समाचारों का सत्यापन कर उन्हें पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय रूप में पहुंचाने का कार्य करती है। हमारा उद्देश्य ताज़ा और महत्वपूर्ण खबरों को समय पर प्रकाशित कर पाठकों को जागरूक एवं सूचित रखना है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *