एक पंखे का विवाद, उजड़ गया हंसता-खेलता परिवार: आर्थिक तंगी के बीच युवक ने खेत में खुद को मारी गोली |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
4 Min Read

कायमगंज /फर्रुखाबाद |

कोतवाली क्षेत्र के गऊटोला गांव से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां भीषण गर्मी और घरेलू तनाव के बीच एक युवक ने ऐसा कदम उठा लिया, जिससे पूरा परिवार बिखर गया। मामूली घरेलू विवाद ने देखते ही देखते एक खुशहाल परिवार की जिंदगी में मातम भर दिया।

गांव निवासी लगभग 40 वर्षीय महेंद्र राजपूत शनिवार शाम अपने मक्का के खेत में पानी लगाने गए थे। बताया जा रहा है कि देर शाम अचानक खेत की ओर से गोली चलने की तेज आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर उनकी बेटी सरिता घबराकर खेत की ओर दौड़ी। वहां पहुंचते ही उसने पिता को लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़ा देखा। बेटी के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और महेंद्र की मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। परिवार में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

एक पंखे को लेकर चल रहा था विवाद

मृतक की पत्नी विमला देवी ने बताया कि घर में केवल एक ही पंखा था। भीषण गर्मी के कारण परिवार के सभी सदस्य परेशान थे। पिछले दो दिनों से दूसरा पंखा खरीदने को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी चल रही थी। शुक्रवार शाम को भी इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ था।

परिजनों के मुताबिक महेंद्र आर्थिक तंगी और घरेलू तनाव से काफी परेशान चल रहे थे। शनिवार शाम जब वह खेत पर पानी लगाने गए, तभी उन्होंने तमंचे से खुद को गोली मार ली। घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

महेंद्र राजपूत अपने पीछे पत्नी विमला देवी, बेटियां रेशमा और सरिता तथा बेटे हिमांशु, आर्यन और सुदेश को छोड़ गए हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर बताई जा रही है। महेंद्र एक तंबाकू गोदाम में मजदूरी करते थे और साथ ही करीब दो बीघा जमीन पर खेती कर किसी तरह परिवार का पालन-पोषण करते थे।

अब उनके जाने के बाद परिवार के सामने रोजी-रोटी का भी संकट खड़ा हो गया है। गांव के लोगों का कहना है कि महेंद्र मेहनती और शांत स्वभाव के व्यक्ति थे, लेकिन पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में दिखाई दे रहे थे।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी और प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सीओ ने बताया कि पीआरवी के माध्यम से सूचना मिली थी कि एक युवक ने खुद को गोली मार ली है। मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी।

यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि छोटी-छोटी घरेलू परेशानियां और आर्थिक तनाव किस तरह लोगों को अंदर से तोड़ देते हैं।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *