सड़क सुरक्षा पर सख्ती: 7 दिन में स्कूलों से मांगा अनुपालन प्रमाणपत्र, नियम तोड़ने वाले वाहनों पर होगी कार्रवाई |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

फर्रुखाबाद।

जनपद में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह भी मौजूद रहे। इस दौरान सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट का तत्काल चिन्हांकन कर वहां आवश्यक सुधारात्मक कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। साथ ही सभी प्रमुख मार्गों पर स्पीड लिमिट बोर्ड, चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर, रोड मार्किंग और अन्य सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं ताकि हादसों में कमी लाई जा सके।

बैठक में दुर्घटना के बाद घायलों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए एम्बुलेंस और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी कार्यों की नियमित समीक्षा की जाए और तय समय सीमा में उनका अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

स्कूल वाहनों पर विशेष निगरानी

जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों में आंतरिक सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित कर छात्रों और अभिभावकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाए। इसके अलावा जनपद के सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों से सात दिन के भीतर प्रमाणपत्र लिया जाए कि उनके विद्यालय के सभी वाहन सड़क सुरक्षा नियमों का शत-प्रतिशत पालन कर रहे हैं।

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जांच में किसी स्कूल वाहन द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित विद्यालय के साथ-साथ शिक्षा विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी।

विधायक ने दिए कड़े कदम उठाने के सुझाव

बैठक में भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह ने भी प्रशासन को सुझाव देते हुए कहा कि जो स्कूल वाहन यातायात नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा संबंधित विद्यालय संचालकों और प्रबंधकों को नोटिस जारी किए जाएं, ताकि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता न हो।

बैठक में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सुभाष राजपूत, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में सड़क सुरक्षा को लेकर विभागों के बीच बेहतर समन्वय और जनजागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *