डोली उठने से पहले उजड़ गईं खुशियां:* गैस रिसाव से दहला दुल्हन का घर; 7 लोग झुलसे, सामान खाक |

3 Min Read

फर्रुखाबाद/शाहजहांपुर।

एक बेटी की विदाई के बाद जिस घर में खुशियों का माहौल था, वहां कुछ ही देर बाद चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। शाहजहांपुर के मिर्जापुर थाना क्षेत्र में शाम गैस सिलेंडर लीक होने से लगी भीषण आग में दो मासूम बच्चियों समेत पांच महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं, जबकि आग बुझाने के प्रयास में एक युवक भी घायल हो गया। सभी घायलों को इलाज के लिए फर्रुखाबाद के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, बहोरन की बेटी रूबी की शादी समारोह संपन्न हुआ था। शाम उसकी विदाई के बाद घर की महिलाएं मेहमानों के लिए खाना बनाने में जुटी थीं। इसी दौरान पास में रखा एक गैस सिलेंडर अचानक लीक होने लगा। देखते ही देखते सिलेंडर ने आग पकड़ ली और लपटों ने पूरे रसोई क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया।

आग लगते ही घर में भगदड़ मच गई। परिवार के लोग और ग्रामीण मौके पर दौड़े और समरसेबल चलाकर पानी डाला। कपड़ों और अन्य संसाधनों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कई लोग झुलस चुके थे।

हादसे में मंजू (25) निवासी चकया काठ, मोनिका (8) निवासी नौगमा, अनीता (28) निवासी चकया, साक्षी (11) निवासी कुबेरपुर कायमगंज, नीतू (25) निवासी मिर्जापुर गंभीर रूप से झुलस गईं। वहीं पारस नामक युवक आग बुझाने के दौरान घायल हो गया।

घटना के बाद परिजन सभी घायलों को तत्काल जरियनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें फर्रुखाबाद के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।

एक साथ कई झुलसे मरीजों के पहुंचने से लोहिया अस्पताल में भी हड़कंप मच गया। अस्पताल प्रशासन ने तुरंत इमरजेंसी व्यवस्था संभाली और चिकित्सकों की टीम को उपचार में लगाया। सीएमएस के निर्देश पर डॉ. अभिषेक चतुर्वेदी और डॉ. अमन कुमार ने घायलों का इलाज शुरू किया।

घटना की जानकारी मिलते ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवनींद्र कुमार अस्पताल पहुंचे और बर्न वार्ड का निरीक्षण किया। वार्ड में एसी कूलिंग व्यवस्था ठीक न मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। मरीजों की निगरानी के लिए डिप्टी सीएमओ डॉ. दीपक कटारिया की ड्यूटी लगाई गई है।

वहीं जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने भी अस्पताल प्रशासन से फोन पर बातचीत कर घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। बताया जा रहा है कि गंभीर हालत को देखते हुए दो मरीजों को निजी अस्पताल में भी भर्ती कराया गया है।

शादी की खुशियां कुछ ही पलों में दर्दनाक हादसे में बदल गईं, जिससे पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *