कम्पिल/फर्रुखाबाद।
ग्रामीण अंचल की मिट्टी में पले-बढ़े एक होनहार युवा ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के दम पर ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिससे पूरे क्षेत्र का सीना गर्व से चौड़ा हो गया। कम्पिल थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर खास निवासी प्रिंस यादव ने आगरा में आयोजित 18वें नेशनल स्कूल स्पोर्ट्स की अंडर-19 एथलेटिक्स प्रतियोगिता में 100 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। महज 11.2 सेकंड में दौड़ पूरी कर प्रिंस ने न केवल गोल्ड मेडल अपने नाम किया, बल्कि अपने परिवार, गांव और फर्रुखाबाद जिले का नाम भी रोशन कर दिया।
प्रिंस की इस शानदार उपलब्धि से सिकंदरपुर खास और कम्पिल क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों, मित्रों और परिजनों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया। सीमित संसाधनों के बीच ग्रामीण परिवेश से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले प्रिंस की सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।
बाढ़ पीड़ितों की मदद करने वाले बाबा के बेटे ने दौड़ में दिखाया दम
प्रिंस यादव के पिता सुल्तान सिंह यादव उर्फ बाबा क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता हैं। बाढ़ के दौरान उन्होंने प्रभावित लोगों की मदद के लिए बढ़-चढ़कर योगदान दिया था। आज उन्हीं के बेटे ने खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा का परचम लहराकर परिवार की खुशियों को दोगुना कर दिया।
प्रिंस की इस उपलब्धि को उनके परिवार की मेहनत, संस्कार और सहयोग का परिणाम माना जा रहा है। एक ओर पिता समाजसेवा के माध्यम से लोगों के दिलों में जगह बना रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उनके बेटे ने खेल के मैदान में स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
11.2 सेकंड में पूरी की रेस, गोल्ड मेडल पर जमाया कब्जा
आगरा के स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता में प्रिंस यादव ने अंडर-19 वर्ग की 100 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने मात्र 11.2 सेकंड में निर्धारित दूरी तय कर स्वर्ण पदक हासिल किया। प्रतियोगिता में उनकी तेज रफ्तार और बेहतरीन प्रदर्शन ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
प्रिंस ने बताया कि प्रतियोगिता से करीब 25 दिन पहले उन्होंने ट्रायल दिया था। इसके बाद सोमवार को आगरा के स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया और अपनी मेहनत का शानदार परिणाम हासिल किया।
कम्पिल से कायमगंज तक हुआ गोल्ड मेडलिस्ट का स्वागत
प्रिंस यादव के स्वर्ण पदक जीतकर गांव लौटने पर सिकंदरपुर खास और कम्पिल में उनका जोरदार स्वागत किया गया। कुलदीप सैनी ने प्रिंस को माला और पट्टिका पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान ग्रामीणों और मित्रों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत करते हुए बधाई दी।
मां ने अपने लाल के माथे पर तिलक लगाया और आरती उतारकर उसका अभिनंदन किया। बेटे की इस बड़ी उपलब्धि पर परिवार में खुशी का माहौल रहा। परिजनों और मित्रों ने प्रिंस को गले लगाकर बधाई दी तथा उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कम्पिल से शुरू हुआ सफर, कायमगंज की एकेडमी में निखरी प्रतिभा
प्रिंस यादव ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा कम्पिल से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने सीपी विद्या निकेतन, कायमगंज से मिडिल की शिक्षा हासिल की। प्रिंस ने अपनी सफलता में विद्यालय की डायरेक्टर मिथलेश अग्रवाल के विशेष योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने विद्यालय के पीटीआई के सहयोग को भी महत्वपूर्ण बताया।
इसके बाद प्रिंस ने कायमगंज स्थित श्री द्रोणाचार्य फिजिकल एकेडमी में प्रशिक्षण लेना शुरू किया। यहां चंदन दीक्षित उर्फ सौरभ दीक्षित की देखरेख में उन्होंने अपनी दौड़ और शारीरिक क्षमता को निखारा। नियमित अभ्यास, अनुशासन और कठिन परिश्रम के बल पर प्रिंस ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक हासिल किया।
बाबा संतराम और गुरुजनों को दिया सफलता का श्रेय
अपनी सफलता से उत्साहित प्रिंस यादव ने कहा कि इस मुकाम तक पहुंचने में बाबा संतराम, अपने गुरुजनों, माता-पिता और बहन वैष्णवी का विशेष योगदान रहा है। उन्होंने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि परिवार और शिक्षकों के सहयोग से ही वह अपने लक्ष्य को हासिल कर सके हैं।
