फर्रुखाबाद।
जनपद में निराश्रित महिला पेंशन योजना के तहत लाभ पा रही महिलाओं के लिए एक महत्वपूर्ण खबर है। वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रथम किस्त की पेंशन धनराशि अब तक जनपद के केवल 20 प्रतिशत लाभार्थियों के खातों में ही भेजी जा सकी है, जिससे शेष लाभार्थी महिलाएं पेंशन को लेकर असमंजस में हैं।
इस स्थिति पर स्पष्टीकरण देते हुए जिला प्रोबेशन अधिकारी अनिल चन्द्र ने बताया कि शासन स्तर पर राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (NSP) प्रणाली के माध्यम से पेंशन हस्तांतरित करने की प्रक्रिया चल रही है। कुछ तकनीकी कारणों की वजह से शेष लाभार्थियों के बैंक खातों में पेंशन की धनराशि अभी तक नहीं पहुँच पाई है।
उन्होंने आगे जानकारी दी कि महिला कल्याण विभाग, लखनऊ द्वारा सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन प्रणाली (PFMS) के माध्यम से 2026 के अंतिम सप्ताह तक सभी पात्र लाभार्थियों के खातों में पेंशन की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी |
विभाग की अपील
जिला प्रोबेशन अधिकारी ने सभी पात्र निराश्रित महिलाओं से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों या भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें और धैर्य बनाए रखें। विभाग द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी पात्र लाभार्थियों के खातों में पेंशन राशि भेजने का काम पूरा कर लिया जाएगा।
