फर्रुखाबाद |
समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक विजय सिंह के आवास पर लगभग साढ़े पांच माह पूर्व हुए भीषण विस्फोट में घायल दूसरे युवक ईशू चौरसिया की शनिवार को मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गौरतलब है कि 17 मार्च को नाला मछरटटा स्थित पूर्व विधायक विजय सिंह के आवास पर अचानक जोरदार धमाका हुआ था।इस हादसे में पूर्व विधायक के पुत्र अभिषेक उर्फ सिक्की, अविनाश उर्फ विक्की, नूरपुर निवासी भइया लाल तथा 28 वर्षीय ईशू चौरसिया पुत्र घनश्याम चौरसिया समेत आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के लगभग चार महीने बाद इलाज के दौरान भईया लाल की कानपुर में मौत हो गई थी। वहीं ईशू चौरसिया का उपचार चल रहा था।शनिवार सुबह अचानक तबियत बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड दिया ईशू की मौत के बाद उनकी मां मिथलेश और पत्नी मुस्कान का रो रो कर बुरा हाल हो गया। मृतक अपने पीछे पांच वर्षीय पुत्र अंश छोड़ गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
