बेटी की शादी के लिए जुटाए ₹40,000 उड़ाए, ऑटो में बैठे युवक ने दिया वारदात को अंजाम |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

कायमगंज/फर्रुखाबाद |

बेटी की शादी के लिए जमा किए गए 40 हजार रुपये चोरी हो जाने से एक गरीब परिवार पर संकट गहरा गया है। कंपिल क्षेत्र के कुवरपुर खास निवासी शिवशंकर बैंक में पैसे जमा कराने जा रहे थे, तभी रास्ते में जेबकतरे ने उनकी जेब काट ली। पीड़ित परिवार ने बताया कि यह रकम बेटी की शादी के लिए मजदूरी और कारचोब का काम करके जुटाई गई थी। घटना शनिवार की बताई जा रही है। शिवशंकर अपने गांव से कायमगंज स्थित पंजाब नेशनल बैंक जा रहे थे। उनकी जेब में 40 हजार रुपये नकद थे।

रास्ते में करीमनगर गांव के पास एक अज्ञात युवक ऑटो में उनके बगल में आकर बैठ गया। शातिर युवक ने बड़ी सफाई से उनकी दाहिनी जेब काट ली और सीपी तिराहे के पास उतरकर फरार हो गया। बैंक पहुंचने पर जब शिवशंकर ने जेब में हाथ डाला तो पैसे गायब मिले। इसके बाद उन्हें चोरी का एहसास हुआ।

 छः जुलाई को होनी है बेटी की शादी

बुधवार को शिवशंकर अपनी पत्नी कृपंति के साथ कोतवाली पहुंचे और प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला को पूरी घटना बताई।पीड़ित ने बताया कि उनके सात बेटियां और तीन बेटे हैं। चार बेटियों और दो बेटों की शादी पहले ही हो चुकी है। अब एक बेटी की शादी छः जुलाई को तय हुई है। उन्होंने कहा कि पत्नी ने मजदूरी कर और बेटियों ने दिन-रात कारचोब का काम करके शादी के लिए यह रकम जोड़ी थी।

बीमारी और गरीबी से पहले ही जूझ रहा परिवार

शिवशंकर ने बताया कि कोरोना काल में उनकी कमर की नसें ब्लॉक हो गई थीं, जिसके बाद से वे बिस्तर पर हैं। इलाज के लिए उन्हें अपनी पांच बीघा जमीन भी गिरवी रखनी पड़ी।उन्होंने बताया कि अब परिवार का खर्च पत्नी, बेटियों और एक अविवाहित बेटे की मजदूरी से चल रहा है।

बुजुर्ग की आपबीती सुन भावुक हुए इंस्पेक्टर

पीड़ित की मार्मिक कहानी सुनकर प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला भी भावुक हो गए। उन्होंने बुजुर्ग दंपत्ति को ढांढस बंधाया और हरसंभव मदद का भरोसा दिया। पुलिस ने अज्ञात जेबकतरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही हुलिये के आधार पर आरोपी की तलाश और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी गई है।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *