कायमगंज/फर्रुखाबाद |
जिलाधिकारी डॉ० अंकुर लाठर के निर्देशानुसार भीषण गर्मी एवं बढ़ते तापमान को दृष्टिगत रखते हुए आज कलेक्ट्रेट परिसर में नगर पालिका परिषद फर्रूखाबाद द्वारा आमजन को शुद्ध एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराने हेतु विभिन्न स्थानों पर मिट्टी के घड़े रखवाकर प्याऊ व्यवस्था का शुभारंभ किया गया।
गर्मी के मौसम में जनसामान्य, अधिवक्ताओं, फरियादियों एवं कलेक्ट्रेट परिसर में आने वाले अन्य नागरिकों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। कलेक्ट्रेट परिसर के प्रमुख स्थानों पर पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि लोगों को भीषण गर्मी में पेयजल की समस्या का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनहित से जुड़े ऐसे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि प्याऊ स्थलों पर नियमित रूप से स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध रहे। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में आमजन को राहत पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है तथा नगर निकायों द्वारा जनसुविधाओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। उपस्थित लोगों ने प्रशासन की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए इसे गर्मी के मौसम में अत्यंत उपयोगी कदम बताया।
