फर्रुखाबाद।
जनपद के किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर शुक्रवार (9 अक्टूबर 2026) को भारतीय किसान यूनियन (भानू) एवं किसान क्रांति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष ‘किसान मसीहा’ ठाकुर भानु प्रताप सिंह का फर्रुखाबाद आगमन हुआ। पांचाल घाट स्थित नारायण आश्रम में आयोजित सभा में क्षेत्र के सैकड़ों किसानों और यूनियन के पदाधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया।
यूनियन के जिलाध्यक्ष जगपाल सिंह राठौर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बेवर से ही राष्ट्रीय अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया, जिसके बाद फर्रुखाबाद पहुँचने के रास्ते में जगह-जगह उनका अभिनंदन किया गया। पांचाल घाट स्थित नारायण आश्रम में कार्यक्रम का शुभारंभ यूनियन के मुख्य राष्ट्रीय महासचिव मनुआ सिंह चौहान के कुशल संचालन में हुआ।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश सचिव केशव शाक्य द्वारा भेंट किया गया चांदी का मुकुट जिलाध्यक्ष जगपाल सिंह राठौर एवं सदर तहसील के क्षेत्रपाल सिंह राठौड़ ने ठाकुर भानु प्रताप सिंह को पहनाया। इसके पश्चात किसान क्रांति दल के जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह चौहान, राष्ट्रीय प्रवक्ता ठाकुर दीपक सिंह, राजेंद्र सिंह परिहार, शीशपाल सिंह, डॉ. शाकिर अली मंसूरी, राजीव कुमार मिश्रा, चंद्रभान सिंह चौहान, कुमकुम राठौड़, रामायण सिंह यादव, अगम पांडे, उदयवीर सिंह यादव, श्रीनिवास श्रीवास्तव, अवधेश सिंह राठौड़, दीपक सिंह चौहान, ओंकार सिंह चौहान, प्रशांत दीक्षित, राजू राठौड़, संजय शुक्ला, राजू कश्यप, राम मूर्ति राजपूत, रक्षपाल सिंह, मुन्ना सिंह राठौड़, विकास राठौड़, रहबर अमन सिद्दीकी तथा इमरान सिद्दीकी सहित तमाम प्रादेशिक व जिला पदाधिकारियों ने फूल-मालाओं और शॉल ओढ़ाकर राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं अन्य वरिष्ठ अतिथियों को सम्मानित किया।

जिलाधिकारी के नाम सौंपा ज्ञापन, 2027 चुनाव को लेकर दी चेतावनी
कार्यक्रम के दौरान जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में किसानों की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी फर्रुखाबाद को संबोधित एक ज्ञापन भी सौंपा गया।
सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानु प्रताप सिंह ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार किसानों की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है। गंगा पार क्षेत्र में बाढ़ की समस्या ने किसानों और गरीब जनता को पूरी तरह बर्बाद कर दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आश्वासन दिए जाने के बावजूद अभी तक बांध निर्माण को लेकर सरकार की ओर से कोई ठोस पहल नजर नहीं आ रही है, जिससे किसान बदहाली के कगार पर पहुंच गया है।
सरकार को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि यदि समय रहते फर्रुखाबाद के किसानों और गरीब जनता की मांगों का समाधान नहीं किया गया, तो वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में किसान क्रांति दल प्रदेश की सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने को मजबूर होगा।

