अमृतपुर, फर्रुखाबाद।
एंटी करप्शन टीम द्वारा लेखपाल उत्कर्ष दीप की गिरफ्तारी के विरोध में शुक्रवार को अमृतपुर तहसील में लेखपाल संघ के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया। संघ ने गिरफ्तारी के पूरे प्रकरण पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
लेखपाल संघ के अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने कहा कि संगठन भ्रष्टाचार का समर्थन नहीं करता, लेकिन यदि किसी कर्मचारी को गलत तरीके से फंसाया गया है तो संघ उसके साथ खड़ा रहेगा और उसके पक्ष में आवाज उठाएगा। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविकता सामने लाई जानी चाहिए।
संघ ने विरोध को आगे बढ़ाते हुए शनिवार को संपूर्ण थाना दिवस के बहिष्कार का ऐलान किया है। इसके साथ ही सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक तहसील परिसर में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करने की घोषणा की गई है।
लेखपाल संघ के इस ऐलान के बाद प्रशासन और संघ के बीच मामला और गरमाने के आसार हैं। अब निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई और जांच के नतीजे पर टिकी हैं कि पूरे प्रकरण में वास्तविक स्थिति क्या सामने आती है।

