विश्व पर्यावरण दिवस पर ए.पी. पब्लिक स्कूल में हुआ वृहद वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

कायमगंज, फर्रुखाबाद।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर के ए.पी. पब्लिक स्कूल परिसर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए पीपल, अशोक, आम सहित विभिन्न प्रजातियों के सैकड़ों पौधों का रोपण किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक अमर सिंह ने पौधारोपण करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं और नागरिकों से अपील की कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित करना भी सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के आधार हैं और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण देने के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने होंगे।

भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक डॉ. विकास शर्मा ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के लिए अमूल्य हैं। वृक्षों से मिलने वाली ऑक्सीजन पृथ्वी पर जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता है, ताकि हर व्यक्ति वृक्षारोपण को अपने जीवन का हिस्सा बना सके।

नगर अध्यक्ष देवेंद्र दुबे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे जनजागरण अभियानों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधे की जिम्मेदारी ले ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।

सभासद अवनीश चतुर्वेदी ने भी वृक्षों की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वृक्ष न केवल पर्यावरण को संतुलित रखते हैं, बल्कि जल संरक्षण, मिट्टी की उर्वरता और जैव विविधता को बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता संदेश भी दिए गए तथा उपस्थित लोगों ने हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण का संकल्प लिया। इस अवसर पर रश्मि दुबे, अरुण दुबे, मनोज तिवारी, सुरेंद्र कठेरिया, सुनील चक, सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *