भारतीय औद्योगिक व्यापार एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रणजीत केसरी ने अपने प्रतिनिधिमंडल सँग एडीएम सिटी को अंगवस्त्र एवं मोमेंटो भेंट कर किया सम्मानित
(संतोष कुमार सिंह )
वाराणसी। भारतीय औद्योगिक व्यापार एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रणजीत केसरी के नेतृत्व में संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने नवनियुक्त अपर जिलाधिकारी वाराणसी (नगर) डाक्टर राजेश कुमार से शिष्टाचार भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया | इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने वाराणसी के व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं एवं व्यापारिक हितों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके समाधान की मांग रखी | वाराणसी में डाक्टर राजेश कुमार को एडीएम सिटी के रूप में पदभार ग्रहण करने पर राष्ट्रीय अध्यक्ष रणजीत केसरी ने उन्हें अंगवस्त्र पहनाकर तथा स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) भेंटकर सम्मानित किया | इसी क्रम में संगठन की जिलाध्यक्ष आरती राय एवं पूर्वांचल अध्यक्ष सोनी जायसवाल ने भी एडीएम वाराणसी नगर को अशोक स्तंभ भेंटकर सम्मान एवं अभिनंदन किया | संगठन के पदाधिकारियों द्वारा किए गए इस सम्मान से मुलाकात का वातावरण आत्मीय एवं सौहार्दपूर्ण रहा |
मुलाकात के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष रणजीत केसरी ने कहा कि वाराणसी का व्यापारी वर्ग शहर के आर्थिक एवं सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है | व्यापारियों की समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान होने से न केवल व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा,बल्कि शहर के विकास को भी नई गति प्राप्त होगी | उन्होंने कहा कि संगठन सदैव व्यापारियों की समस्याओं को प्रशासन के समक्ष शांतिपूर्ण,लोकतांत्रिक एवं रचनात्मक तरीके से उठाता रहा है |
प्रतिनिधिमंडल ने एडीएम सिटी डाक्टर राजेश कुमार के समक्ष व्यापारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से रखा | इस दौरान व्यापारिक प्रतिष्ठानों के संचालन,स्थानीय प्रशासन से संबंधित विषयों,व्यापारियों को आने वाली व्यावहारिक परेशानियों तथा व्यापारिक गतिविधियों को सुचारु बनाए रखने से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई | प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया |
जिलाध्यक्ष वाराणसी आरती राय ने कहा कि व्यापारी समाज हमेशा प्रशासन के साथ सकारात्मक सहयोग के लिए तत्पर रहता है | यदि व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना और उनका समाधान किया जाए तो व्यापारी वर्ग और अधिक उत्साह एवं ऊर्जा के साथ शहर के विकास में अपनी भूमिका निभा सकता है |
पूर्वांचल अध्यक्ष सोनी जायसवाल ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल समस्याओं को उठाना नहीं,बल्कि प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर उनके व्यावहारिक समाधान की दिशा में कार्य करना है |उन्होंने उम्मीद जताई कि नवनियुक्त एडीएम सिटी के कार्यकाल में व्यापारियों को प्रशासन का बेहतर सहयोग प्राप्त होगा |
प्रतिनिधिमंडल की बातों को एडीएम सिटी ने गंभीरतापूर्वक सुना और व्यापारियों द्वारा उठाई गई समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया | उन्होंने कहा कि व्यापारियों की जायज समस्याओं को संबंधित विभागों के संज्ञान में लाकर उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्यवाही की जाएगी | उन्होंने प्रशासन और व्यापारी संगठनों के बीच बेहतर समन्वय को महत्वपूर्ण बताते हुए सकारात्मक सहयोग का भरोसा दिलाया |
राष्ट्रीय अध्यक्ष रणजीत केसरी ने एडीएम सिटी को आश्वस्त किया कि भारतीय औद्योगिक व्यापार एसोसिएशन वाराणसी के विकास,व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा व्यापारी हितों की रक्षा के लिए प्रशासन के साथ निरंतर सहयोग एवं समन्वय बनाए रखेगा |
मुलाकात के अंत में संगठन के पदाधिकारियों ने नवनियुक्त एडीएम सिटी को उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में वाराणसी नगर में प्रशासनिक व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी तथा व्यापारी वर्ग की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता मिलेगी |
इस अवसर पर भारतीय औद्योगिक व्यापार एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रणजीत केसरी,पूर्वांचल अध्यक्ष सोनी जायसवाल,वाराणसी जिलाध्यक्ष आरती राय सहित इत्यादि पदाधिकारीगण उपस्थित रहे ||

