नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में बुधवार तड़के विजय सेल्स के एक बड़े इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में बेसमेंट से लेकर तीसरी मंजिल तक पूरा भवन धुएं और लपटों की चपेट में आ गया। घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस ने बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है।
दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारियों के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 4:15 बजे उत्तम नगर स्थित विजय सेल्स शोरूम में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। शुरुआती स्तर पर तीन वाटर टेंडर और छह वाटर बाउजर को मौके पर भेजा गया, लेकिन आग की गंभीरता को देखते हुए इसे जल्द ही “मेजर फायर” श्रेणी में रखते हुए अतिरिक्त दमकल वाहनों को भी रवाना किया गया।
आग बुझाने के अभियान में कुल 13 दमकल इकाइयों ने हिस्सा लिया, जिनमें पांच वाटर टेंडर, छह वाटर बाउजर, एक ब्रीदिंग फायर टेंडर और एक मल्टीपरपज वाहन शामिल था। दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
फायर विभाग के मुताबिक, करीब 350 वर्ग गज क्षेत्र में बने इस बहुमंजिला शोरूम के बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और ऊपरी तीन मंजिलों में रखा इलेक्ट्रॉनिक सामान, घरेलू उपकरण, फर्नीचर और अन्य फिटिंग्स आग की चपेट में आ गए। आग के कारण शोरूम में रखा करोड़ों रुपये मूल्य का सामान जलकर नष्ट होने की आशंका है।
दमकल अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए आग को आसपास की इमारतों तक फैलने से रोक दिया। सुबह 5:55 बजे तक आग को चारों ओर से घेर लिया गया था, जबकि 6:30 बजे इसे पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया। इसके बाद 6:55 बजे आग बुझाने का अभियान समाप्त घोषित कर दिया गया।
हालांकि किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए मौके पर कूलिंग ऑपरेशन जारी रखा गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में आग की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और फायर विभाग सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रहा है।
