रिपोर्ट सुधीर सिंह |
संकिसा/फर्रुखाबाद |
आगामी 25 एवं 26 अक्टूबर को आयोजित होने वाले ‘बुद्ध महोत्सव’ के लिए तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। इस भव्य महोत्सव के तहत विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक और बौद्धिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। भाजपा विधायक सुशील शाक्य 25 अक्टूबर की सायं बुद्ध महोत्सव का शुभारंभ करेंगे |
मुख्य अतिथि और विशिष्ट गणमान्य अतिथि
कार्यक्रम के तहत 25 अक्टूबर को धम्मालोको बुद्ध विहार में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य और जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद बाबू सिंह कुशवाहा शामिल होंगे। इसके साथ ही, महोत्सव समिति द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 26 अक्टूबर को सुबह 10:00 बजे से आयोजित मुख्य कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री जयवीर सिंह (मुख्य अतिथि), सहित देश-विदेश के कई बौद्ध धर्म के विद्वान शिरकत करेंगे।
पूर्व में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के आने की चर्चा और सोशल मीडिया पर प्रचार को लेकर आयोजन समिति ने स्पष्ट किया है कि उनके आधिकारिक आगमन की अंतिम सूचना की प्रतीक्षा की जा रही है।
कार्यक्रम की मुख्य रूपरेखा
25 अक्टूबर 2026 के कार्यक्रम:
- सुबह 11:00 से 12:00 बजे तक: बच्चों को भोजन वितरण।
- दोपहर 12:00 से 02:00 बजे तक: महोत्सव का उद्घाटन एवं बुद्ध वंदना।
- दोपहर 02:00 से 05:00 बजे तक: विश्व सम्मेलन।
- शाम 05:00 बजे से रात्रि 12:00 बजे तक: धम्म सभा (बुद्ध के नाम गीत और उनके उपदेश)।
- रात्रि 12:00 बजे के बाद: बुद्ध नाटक का मंचन।
26 अक्टूबर 2026 के कार्यक्रम:
- प्रातः 07:00 बजे: धम्मयात्रा (पंडाल से स्तूप तक)।
- सुबह 10:30 बजे तक: स्तूप की परिक्रमा और पूजा-अर्चना।
- सायं 04:00 बजे तक: आम सभा (पंडाल में)।
- रात्रि 09:00 बजे से प्रातः तक: भगवान बुद्ध के जीवन पर आधारित नाटक का मंचन।
