प्रशासन का हंटर: अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर सख्त कार्रवाई, तीन डंपर सीज, मोटा जुर्माना |

2 Min Read

फर्रुखाबाद।

जनपद में अवैध खनन तथा खनिजों के अवैध एवं ओवरलोड परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया हुआ है। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर लगातार संयुक्त प्रवर्तन अभियान चलाए जा रहे हैं, जिसके तहत गुरुवार को मोहम्मदाबाद से सेंट्रल जेल मार्ग के बीच एआरटीओ प्रवर्तन और खनन विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से औचक छापेमारी की।

अभियान के दौरान गिट्टी और मोरम से भरे तीन डंपरों की जांच की गई। जांच में सामने आया कि वाहनों में परिवहन प्रपत्र में दर्ज मात्रा से अधिक उपखनिज लादा गया था। इस पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ओवरलोड परिवहन के मामले में ऑनलाइन नोटिस जारी कर कुल 56 हजार 840 रुपये का जुर्माना वसूला।

इसके अलावा परिवहन विभाग द्वारा निर्धारित मानकों से अधिक माल लदे पाए जाने पर तीनों वाहनों के खिलाफ ओवरलोडिंग का चालान भी किया गया। इस कार्रवाई में कुल 90 हजार रुपये का अतिरिक्त जुर्माना मौके पर ही जमा कराया गया।

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनपद में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई जारी रखी जाए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और संयुक्त प्रवर्तन अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए।

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं अवैध खनन या ओवरलोड परिवहन की जानकारी मिले तो तत्काल प्रशासन अथवा संबंधित विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते विधिक कार्रवाई की जा सके।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *