दिल्ली जाने वाली बस खराब होने से कादरी गेट चौराहे पर मची अफरा-तफरी, राहगीर बेहाल |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

फर्रुखाबाद/

शहर के सबसे व्यस्त माने जाने वाले कादरी गेट चौराहे पर गुरुवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब परिवहन निगम की एक रोडवेज बस अचानक बीच चौराहे पर खराब होकर खड़ी हो गई। बस के बंद होते ही कुछ ही मिनटों में चारों दिशाओं में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और पूरा यातायात व्यवस्था चरमरा गई। तेज धूप और उमस के बीच राहगीरों, स्कूली बच्चों, मरीजों और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार हरदोई डिपो की यह सरकारी बस हरदोई से यात्रियों को लेकर फर्रुखाबाद रोडवेज बस स्टेशन आ रही थी। यहां से बस को दिल्ली के लिए रवाना होना था। लेकिन कादरी गेट चौराहे पर पहुंचते ही बस में तकनीकी खराबी आ गई और इंजन अचानक बंद हो गया। चालक और परिचालक ने बस को दोबारा चालू करने की काफी कोशिश की, मगर सफलता नहीं मिली। बस सड़क के बीचों-बीच खड़ी रही, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

चौराहे पर बस फंसने के कारण फर्रुखाबाद शहर से मसेनी जाने वाले मार्ग पर भारी जाम लग गया। बाइक, कार, ऑटो और ई-रिक्शा की लंबी लाइनें सड़क पर रेंगती नजर आईं। कई लोग घंटों तक जाम में फंसे रहे। स्थिति इतनी खराब हो गई कि बस में बैठे यात्रियों ने इंतजार छोड़कर अपने सामान के साथ बस से उतरना शुरू कर दिया। बाद में अधिकांश यात्रियों ने ई-रिक्शा और अन्य निजी साधनों का सहारा लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना होना पड़ा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कादरी गेट चौराहा लंबे समय से ट्रैफिक अव्यवस्था का शिकार है। यह मार्ग दिल्ली, शाहजहांपुर, हरदोई और आसपास के कई जिलों को जोड़ने वाला मुख्य संपर्क मार्ग है, जिस कारण यहां हर समय भारी वाहनों का दबाव बना रहता है। इसके अलावा ई-रिक्शा चालकों द्वारा सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े करने और सवारियां भरने से अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है।

लोगों ने प्रशासन और यातायात पुलिस से मांग की है कि कादरी गेट जैसे संवेदनशील और व्यस्त चौराहे पर स्थायी ट्रैफिक व्यवस्था लागू की जाए। साथ ही रोडवेज विभाग से भी खराब और जर्जर बसों की नियमित जांच कराने की मांग उठाई गई है, ताकि बीच रास्ते में वाहन खराब होने से यात्रियों को परेशानी न झेलनी पड़े।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *