तेज रफ्तार डंपर ने रोजगार सेवक को कुचला, पहियों में फंसकर 10 मीटर तक घिसटा शव

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

फर्रुखाबाद।

जनपद के नवाबगंज-मोहम्मदाबाद मार्ग पर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित डंपर ने बाइक सवार रोजगार सेवक को इतनी भीषण टक्कर मारी कि वह उछलकर सीधे डंपर के पहियों के नीचे जा फंसा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक डंपर युवक को करीब 10 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार हरदुआ गांव निवासी 33 वर्षीय विपिन कुमार ब्लॉक में रोजगार सेवक के पद पर तैनात थे। रोज की तरह शाम करीब 6 बजे वह ब्लॉक कार्यालय से अपने घर नवाबगंज बाईपास स्थित अचरा तिराहा लौट रहे थे। तभी जियो कार्यालय के सामने विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विपिन संभल भी नहीं सके और सीधे डंपर के नीचे जा गिरे। हादसे में उनका शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। सड़क पर जाम जैसे हालात बन गए। सूचना पर क्राइम इंस्पेक्टर संजय कुमार राय, एसआई जगराम और कमलेश पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद शव को डंपर के पहियों के बीच से बाहर निकाला और ई-रिक्शा से नवाबगंज सीएचसी भेजा। पुलिस ने यातायात को भी किसी तरह सुचारू कराया।

हादसे के बाद चालक मौके से डंपर लेकर भागने की कोशिश करने लगा। बताया गया कि भीड़ के गुस्से से बचने के लिए वह करीब एक किलोमीटर दूर थाने की दिशा में भाग रहा था। इसी दौरान रास्ते से गुजर रहे दरोगा सत्यनारायण ने उसे रोक लिया। जानकारी होने पर उन्होंने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

उधर, हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन सीएचसी पहुंचे। विपिन कुमार अपने पीछे मां मीरा देवी, पत्नी नीलम, तीन बेटियां अनामिका, अनुष्का और अनन्या तथा एक बेटा युवराज को छोड़ गए हैं। परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य की मौत से घर में मातम पसरा हुआ है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *