फतेहगढ़/
रक्षाबंधन के पावन पर्व पर उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश की माताओं और बहनों को बड़ी सौगात देते हुए निशुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान की है। इसी जनकल्याणकारी पहल के उपलक्ष्य में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सजीव प्रसारण को सुना और देखा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश की महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण को समर्पित विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी साझा की गई। मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन प्रदान करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।
इस दौरान जानकारी दी गई कि 27 अगस्त 2026 प्रातः 6 बजे से 29 अगस्त 2026 मध्यरात्रि 12 बजे तक उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में महिलाओं को एक सहयोगी सहित निशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को भी निशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान की जाएगी। सरकार के इस निर्णय से लाखों महिलाओं को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा और वे रक्षाबंधन पर्व पर अपने परिजनों से मिलने के लिए बिना किसी आर्थिक बोझ के यात्रा कर सकेंगी।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय केवल एक सुविधा नहीं, बल्कि प्रदेश की माताओं और बहनों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता का प्रतीक है। महिलाओं को सुरक्षित एवं सहज यात्रा उपलब्ध कराने की दिशा में यह कदम मील का पत्थर साबित होगा।
वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता दे रही है। मिशन शक्ति, कन्या सुमंगला योजना, महिला सुरक्षा अभियान और अब रक्षाबंधन पर निशुल्क यात्रा जैसी योजनाएं महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए इस जनहितकारी निर्णय का जोरदार स्वागत किया। रक्षाबंधन से पहले मिली इस सौगात से प्रदेश की माताओं और बहनों में विशेष उत्साह और खुशी का माहौल देखा जा रहा है।

