मौत बनकर दौड़ीं दो बाइकें! आमने-सामने की भिड़ंत में अंकुर की मौत, दूसरा युवक जिंदगी और मौत से जूझ रहा |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

नबाबगंज/कायमगंज/फर्रुखाबाद।

कोतवाली क्षेत्र में नवाबगंज मार्ग पर कुद्धीपुर मोड़ के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे युवक की हालत गंभीर होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर कर दिया गया।

नगला गुलरिया जा रहा था अंकुर, रास्ते में काल बनकर आया हादसा

हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान अंकुर राठौर के रूप में हुई है। बताया गया कि अंकुर बाइक से नगला गुलरिया जा रहा था। इसी दौरान कुद्धीपुर मोड़ के पास उसकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। दुर्घटना में अंकुर को गंभीर चोटें आईं। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक डॉ. विपिन सिंह ने उसे मृत घोषित कर दिया। अंकुर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था अंकुर, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

अंकुर राठौर अपने चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था और कारचोब का काम करके परिवार की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाता था। परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं, लेकिन सड़क हादसे ने उन उम्मीदों को पलभर में तोड़ दिया। जवान बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद से ही परिचितों और शुभचिंतकों का परिवार के यहां पहुंचना शुरू हो गया।

बहन को बुलाने जा रहा था सुमित, रास्ते में हुआ हादसा

दूसरी बाइक पर सवार घायल युवक की पहचान सुमित पुत्र कैलाश निवासी शेखपुर खजुरी, थाना मोहम्मदाबाद के रूप में हुई है। बताया गया कि सुमित कायमगंज क्षेत्र के प्रेमनगर गांव में अपनी बहन सपना को बुलाने जा रहा था। इसी दौरान वह भी दुर्घटना का शिकार हो गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल सुमित को तत्काल सीएचसी कायमगंज ले जाया गया। चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर कर दिया।

सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे कोतवाली प्रभारी, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

सड़क हादसे की सूचना मिलते ही कायमगंज कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ल अस्पताल पहुंचे और घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। वहीं, दरोगा वकील खान ने मृतक अंकुर राठौर के शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *