शमशाबाद/फर्रुखाबाद।
मछली का शिकार करने गए एक युवक पर अचानक आए पागल सियार ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक के पैर में कई जगह सियार के दांत लग गए और वह लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गया। साथियों ने किसी तरह सियार को भगाकर घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमशाबाद में भर्ती कराया।
शमशाबाद कस्बा स्थित शेरवानी टोला निवासी शीबू अली पुत्र रिजवान अली अपने दोस्तों के साथ बूढ़ी गंगा नदी पर मछली का शिकार करने गया था। सभी दोस्त नदी किनारे बैठकर मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान अचानक झाड़ियों से एक पागल सियार निकलकर आया और सीधे शीबू पर हमला कर दिया।
सियार ने शीबू के पैर में कई जगह काट लिया। अचानक हुए हमले से वह चीख पड़ा। खून बहता देख साथी घबरा गए। सभी दोस्तों ने हिम्मत दिखाते हुए लाठी-डंडों से सियार को भगाया और शीबू को वहां से सुरक्षित निकाला।
घटना के बाद सभी दोस्त घायल शीबू को लेकर तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमशाबाद पहुंचे। जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर नितिन राजपूत ने तत्काल प्रभाव से उसका इलाज शुरू किया। डॉक्टर ने घावों की सफाई कर इंजेक्शन लगाए और एंटी रेबीज का उपचार शुरू किया।
डॉक्टर राजपूत ने बताया कि सियार के काटने से कई जगह गहरे घाव हो गए थे और काफी खून बह गया था। प्राथमिक उपचार के बाद हालत स्थिर होने तक उसे अस्पताल में ही भर्ती रखा गया। हालत में सुधार होने पर उसे घर भेज दिया।
