कायमगंज/फर्रुखाबाद।
रिपोर्टर सुधीर सिंह |
पट्टिया लेन, कंपिल रोड स्थित प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान किरन पब्लिक स्कूल में गणेश चतुर्थी एवं हिंदी दिवस का संयुक्त उत्सव अत्यंत हर्षोल्लास व गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक डॉ. वीरेंद्र गंगवार, मैनेजर कल्पना गंगवार एवं प्रधानाचार्य राधिका नायर ने मां सरस्वती व भगवान श्री गणेश के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद महाराष्ट्र की पारंपरिक वेशभूषा में सजी छात्राओं ने भावपूर्ण ‘गणेश वंदना’ प्रस्तुत की। प्रधानाचार्य राधिका नायर व शिक्षिकाओं ने श्रद्धापूर्वक गणेश आरती की। छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मनमोहक मराठी नृत्य और ‘जय गणेश देव’ डांस की प्रस्तुति से पूरा वातावरण भक्तिमय व ऊर्जावान हो गया।

उत्सव के दूसरे चरण में हिंदी दिवस के अवसर पर कक्षा सात की छात्राओं—आराध्या भदौरिया एवं आर्या सिंह ने भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुति दी। वहीं, छात्रों ने विचारोत्तेजक लघु नाटक के माध्यम से मातृभाषा हिंदी के महत्व को रेखांकित किया। छात्रा अदिति शाक्य ने प्रखर विचारों से सभा का मन मोह लिया। वरिष्ठ हिंदी शिक्षिका अंजू बाथम ने कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, संस्कारों और राष्ट्रीय चेतना की सजीव अभिव्यक्ति है। उन्होंने सुरम्य कविताओं का पाठ भी किया। हिंदी शिक्षक हरिद्वार द्विवेदी ने सारगर्भित दोहों और ओजपूर्ण कविताओं के जरिए विद्यार्थियों को मातृभाषा का गौरव संजोने का संदेश दिया।

हिंदी पखवाड़े के तहत आयोजित निबंध लेखन व भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इसके साथ ही छात्रों ने घर से मिट्टी के गणेश जी की कलाकृतियां और चार्ट पेपर पर सुंदर चित्र बनाकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसकी सभी ने काफी सराहना की। प्रार्थना सभा का सफल संचालन ‘कलाम हाउस’ के विद्यार्थियों ने किया।
आयोजन को सुचारु बनाने में अकादमिक प्रभारी विक्रांत सिंह व अंजना जयन का कुशल नेतृत्व रहा। मंच सज्जा की जिम्मेदारी कला प्रभारी शिवानी राठौर, आरजू गंगवार व आकांक्षा सैनी ने निभाई। डिजिटल व तकनीकी संयोजन अतुल प्रताप सिंह व सोशल मीडिया प्रभारी हिरा अंसारी ने संभाला।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय कोऑर्डिनेटर जयन राजन, शिक्षिका प्रगति सक्सेना, मंजू यादव, पूजा पाल, आशिका, पूनम, खुशी, पूजा, शिक्षक निखिल शाक्य, शाहरुख खान, नीरज अग्निहोत्री, अजमत अली, क्रीड़ा प्रभारी अल्पना यादव, फराह खान, उमाकांत वर्मा और रवि कुमार सहित समस्त किरन परिवार का विशेष योगदान रहा।

