रबी फसलों के गुणवत्तापूर्ण बीजों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू
जनरल फोर्स ब्यूरो
एटा। रबी सीजन में किसानों को गुणवत्तापूर्ण एवं उन्नतशील बीज उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने ऑनलाइन बुकिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिला कृषि अधिकारी डॉ. मनवीर सिंह ने जनपद के किसानों से अपील की है कि वे अपनी आवश्यकता के अनुसार समय से ऑनलाइन बुकिंग कर बीज का लाभ उठाएं।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि विभाग को रबी फसलों के बीजों का लक्ष्य प्राप्त हो गया है। मिनी किट के तहत तोरिया के 9 कुंतल, राई-सरसों के 334 कुंतल, मसूर के 8 कुंतल, चना के 16 कुंतल तथा मटर के 10 कुंतल बीज उपलब्ध हुए हैं। ऑनलाइन बुकिंग के बाद पात्र किसानों को ये बीज निःशुल्क वितरित किए जाएंगे।
वहीं सामान्य बीज वितरण के तहत गेहूं के 11,056.20 कुंतल, जौ के 542 कुंतल, चना के 29.50 कुंतल, मटर के 35 कुंतल, मसूर के 30 कुंतल तथा सरसों के 94.24 कुंतल बीज उपलब्ध हैं। इन बीजों पर किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बीज प्राप्त करने के लिए कृषि विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन बुकिंग करना अनिवार्य है। बुकिंग के बाद उपलब्धता और निर्धारित पात्रता के आधार पर किसानों को बीज वितरित किए जाएंगे। किसानों से अपील की गई है कि रबी फसलों की बुवाई को देखते हुए ऑनलाइन बुकिंग में देरी न करें, ताकि उन्हें समय से गुणवत्तापूर्ण बीज मिल सके और बुवाई निर्धारित समय में पूरी हो।
जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से विभाग की इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा उन्नतशील बीजों का प्रयोग कर रबी फसलों की उत्पादकता बढ़ाने की अपील की है।

