कायमगंज/फर्रुखाबाद।
रिपोर्टर सुधीर सिंह |
नगर के प्रतिष्ठित एपी पब्लिक स्कूल में हिंदी दिवस के अवसर पर विद्यालय परिसर पूरी तरह से हिंदीमय नजर आया। विद्यार्थियों में अपनी मातृभाषा के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों का आयोजन किया गया। विशेष प्रार्थना सभा का संचालन भी विद्यार्थियों ने स्वयं पूरी तरह हिंदी भाषा में किया।
दिनभर चले इस आयोजन में कक्षा 1 से 5 तक के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने हिंदी कविता एवं चौपाई प्रतियोगिता में अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया। कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थियों ने निबंध प्रतियोगिता के जरिए अपने विचार प्रभावी ढंग से रखे। वहीं कक्षा 9 से 12 के छात्रों के लिए आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही, जहां ‘Gen-Z के जमाने में हिंदी—ट्रेंड है या आउटडेटेड?’ तथा ‘वर्तमान समय में सोशल मीडिया का युवाओं पर प्रभाव’ जैसे विषयों पर विद्यार्थियों ने पक्ष और विपक्ष में जोरदार तर्क पेश किए।

विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. अंजलि पांडे ने हिंदी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अन्य भाषाओं का ज्ञान जरूरी है, लेकिन अपनी मातृभाषा और राजभाषा हिंदी को कमतर नहीं आंकना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, संस्कारों और पहचान का हिस्सा है। उन्होंने विद्यार्थियों से हिंदी का प्रयोग दैनिक जीवन में सम्मान और गर्व के साथ करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अलका सिंह, आरके पाठक, अनूप पांडे, विकास भारती और पल्लवी दीक्षित सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। इस सफल आयोजन ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि आधुनिकता और सोशल मीडिया के इस दौर में भी हिंदी नई पीढ़ी के बीच नए अंदाज में अपनी खास जगह बना रही है।

