फर्रुखाबाद न्यूज़:- छुट्टी पर घर लौटे जवान की रहस्यमयी मौत: प्लॉट पर बेहोश मिले सैनिक ने तोड़ा दम |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
2 Min Read

कम्पिल/कायमगंज/फर्रुखाबाद |

कम्पिल थाना क्षेत्र के शिवराम मुकुट गांव में छुट्टी पर घर आए एक सैनिक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। देर शाम सैनिक गांव के बाहर अपने प्लॉट पर बेहोशी की हालत में पड़े मिले। परिजन उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई, जबकि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान 38 वर्षीय कुलदीप वर्मा के रूप में हुई है। बताया गया कि वह भारतीय सेना में तैनात थे और 20 जुलाई को छुट्टी लेकर अपने घर आए थे। वर्ष 2012 में उनका विवाह हुआ था, जिसके बाद वह अपनी ससुराल शिवराम मुकुट गांव में ही रह रहे थे।

परिजनों के मुताबिक शाम कुलदीप गांव स्थित अपने प्लॉट पर गए थे। काफी देर तक घर वापस न लौटने पर उनकी तलाश शुरू हुई। इसी दौरान सूचना मिली कि वह प्लॉट पर अचेत अवस्था में पड़े हैं। परिजन तत्काल उन्हें इलाज के लिए कायमगंज सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिवार का कहना है कि कुलदीप शराब का सेवन करते थे, हालांकि उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। घटना से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। मृतक अपने पीछे पत्नी स्वीटी वर्मा, दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। जवान की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

सिवारा चौकी प्रभारी धीरज कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *