शमशाबाद/फर्रुखाबाद |

पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में शमशाबाद के एवी इंटर कॉलेज ने शुक्रवार को एक प्रेरणादायी पहल की। विद्यालय परिसर में आयोजित विशेष वृक्षारोपण अभियान के तहत “एक वृक्ष माँ के नाम, दूसरा बेटी के नाम” थीम पर 100 से अधिक छायादार, फलदार और औषधीय पौधे लगाए गए। कार्यक्रम का नेतृत्व विद्यालय के प्रबंधक एवं भाजपा नेता विजय गुप्ता ने किया।
प्रधानाचार्य प्रवीण कुमार, शिक्षकगण और छात्र-छात्राओं की मौजूदगी में हुए इस अभियान में कॉलेज परिसर के साथ अन्य स्थानों को भी हरियाली से आच्छादित करने का संकल्प लिया गया। वृक्षारोपण के दौरान पूरे परिसर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश गूंजता रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विजय गुप्ता ने कहा कि “वृक्ष धरा के आभूषण हैं, जो प्रदूषण को दूर कर हमें जीवनदायिनी प्राणवायु प्रदान करते हैं। यदि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य देना है तो हर व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने होंगे।”
उन्होंने छात्र-छात्राओं से भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि हर विद्यार्थी कम से कम एक पौधा अपनी माँ के नाम और एक पौधा अपनी बेटी या बहन के नाम अवश्य लगाए। साथ ही यह भी कहा कि सिर्फ पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं, उसकी देखभाल करना भी उतना ही आवश्यक है, जितना एक बच्चे का पालन-पोषण।
