फर्रुखाबाद/

इटावा-बरेली हाईवे पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब बढ़पुर क्षेत्र में दीनदयाल बाग से चाचूपुर मोड़ तक करीब दो किलोमीटर लंबा भीषण जाम लग गया। हाईवे पर ट्रकों, बसों, कारों, ई-रिक्शा और दोपहिया वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब एक घंटे से अधिक समय तक वाहन रेंगते रहे, जिससे यात्रियों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जाम की सूचना मिलते ही कादरीगेट थाना पुलिस सक्रिय हो गई। यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मोर्चा संभाल लिया। पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए एक-एक कर वाहनों को निकलवाया। काफी प्रयास के बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका।
यातायात प्रभारी ने बताया कि पांचाल घाट गंगा पुल पर चल रहे मरम्मत एवं निर्माण कार्य के कारण फिलहाल वाहनों का आवागमन एक तरफ से कराया जा रहा है। ऐसे में वाहनों का दबाव बढ़ते ही हाईवे पर जाम की स्थिति बन जाती है। शुक्रवार को भी अचानक यातायात का दबाव बढ़ने से पूरा मार्ग जाम की चपेट में आ गया।
जाम में फंसे राहगीर राहुल और दीपु ने बताया कि वे जरूरी काम से निकले थे, लेकिन लंबे समय तक जाम में फंसने के कारण उन्हें काफी देर हो गई। उनका कहना था कि इस मार्ग पर आए दिन यही हाल रहता है और लोगों का कीमती समय जाम की भेंट चढ़ जाता है। व्यापारियों और आम नागरिकों ने जिला प्रशासन से इस समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
पुलिस के प्रयासों के बाद यातायात सामान्य हो गया, लेकिन हाईवे पर लगने वाले लगातार जाम ने एक बार फिर यातायात व्यवस्था और निर्माण कार्य के दौरान वैकल्पिक प्रबंधन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस की अपील:
फर्रुखाबाद पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, अनावश्यक ओवरटेकिंग से बचें और पुलिस द्वारा बताए गए मार्गदर्शन का पालन करें, ताकि जाम जैसी स्थिति को कम किया जा सके।
