कायमगंज/फर्रुखाबाद |
विद्युत विभाग की मनमानी, अघोषित बिजली कटौती और व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ भारतीय किसान यूनियन (धरतीपुत्र) ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। मंगलवार (21 जुलाई 2026) को संगठन के कैंप कार्यालय (मोहल्ला जवाहरगंज) में प्रताप सिंह गंगवार की अध्यक्षता एवं मंजेश यादव के संचालन में एक पंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित करने के बाद आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने कायमगंज के मुख्य चौराहे पर पहुंचकर बिजली विभाग और जेई जावेद अहमद का पुतला दहन किया तथा विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
बिजली कटौती और धन उगाही से जनता त्रस्त
पंचायत को संबोधित करते हुए किसान नेताओं ने कहा कि कायमगंज कस्बे में बिजली आने-जाने की कोई समय सीमा तय नहीं है। हर 20 मिनट में शटडाउन ले लिया जाता है।
यूनियन के पदाधिकारियों ने जेई जावेद अहमद पर भ्रष्टाचार के कई गंभीर आरोप लगाए:
- अवैध वसूली व मनमाने कनेक्शन: पुलगालिब (नई कॉलोनी) में ‘नो पोल नो केबल’ के नाम पर कनेक्शन देने के लिए 20,000 से 60,000 रुपये तक की अवैध वसूली का आरोप।
- सामग्री में हेराफेरी: ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग के दौरान नई बस्ती से दो बिजली के पोल गायब करने और नए कनेक्शनों के नाम पर 20 से 25 हजार रुपये अतिरिक्त मांगने का दावा।
- नियमों की अनदेखी: मोहल्ला सधवाड़ा में एक ही भवन पर दो FIR दर्ज होने और बिना जुर्माना जमा हुए अवैध रूप से कनेक्शन देने का आरोप।
- विभागीय आरोप: बारझाला डिवीजन पर एस्टीमेट के नाम पर के.के. मौर्या द्वारा जेई जावेद अहमद पर 1,60,000 रुपये लेने के आरोप का भी खुलासा किया गया।
झूठे मुकदमे और धमकी देने का आरोप
किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि आम उपभोक्ताओं को चक्कर कटवाए जाते हैं, जबकि चेकिंग अभियान के नाम पर घर की महिलाओं को डराया-धमकाया जाता है। इसके अलावा, भारतीय किसान यूनियन धरतीपुत्र के नगर अध्यक्ष राजेश कुमार राजपूत को बार-बार जान-माल की धमकी और अज्ञात असामाजिक तत्वों से दबाव बनवाने का भी आरोप लगाया गया है।
यूनियन का कहना है कि उच्च अधिकारियों से लिखित शिकायत के बावजूद जेई के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे नाराज होकर पुतला दहन का कदम उठाना पड़ा।
ये पदाधिकारी रहे मौजूद
प्रदर्शन और पुतला दहन के दौरान मुन्नालाल सक्सेना (प्रदेश सचिव), मंजेश यादव (जिला महासचिव), प्रताप सिंह गंगवार, रामवीर जाटव (जिला प्रभारी), विनीत कुमार सक्सेना (जिला उपाध्यक्ष), बिंदु सिंह गंगवार (जिला मीडिया प्रभारी), रामलाल गुप्ता (प्रदेश अध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ), नवीनत (जिला अध्यक्ष), रमाकान्ती (महिला जिला अध्यक्ष), राजेश कुमार राजपूत (नगर अध्यक्ष) सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता व स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


