फर्रुखाबाद न्यूज़:- डीएम का अल्टीमेटम: बाढ़ पीड़ित KCC धारकों को तुरंत मिले फसल बीमा का लाभ |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

फर्रुखाबाद।

Ad image

बाढ़ की मार झेल रहे किसानों को राहत पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन ने अब बैंकिंग व्यवस्था पर भी शिकंजा कस दिया है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में बैंक एवं बैंक प्रायोजित योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में डीएम ने साफ निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के किसान क्रेडिट कार्ड धारक किसानों को फसल क्षति की भरपाई के लिए फसल बीमा योजना का लाभ प्राथमिकता के आधार पर अनिवार्य रूप से दिलाया जाए।

जिलाधिकारी ने बैंकवार और योजनावार प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचना चाहिए। ऋण से संबंधित लंबित आवेदनों को अनावश्यक रूप से रोकने पर उन्होंने नाराजगी जताई और प्राथमिकता के आधार पर उनका निस्तारण करने के निर्देश दिए।

बैठक में किसान क्रेडिट कार्ड, स्वयं सहायता समूह, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना समेत विभिन्न ऋण एवं स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई। डीएम ने कहा कि अधिक से अधिक पात्र किसान, युवा, उद्यमी और स्वयं सहायता समूह बैंकिंग योजनाओं से जोड़े जाएं, ताकि जिले में रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को गति मिल सके।

निरस्त आवेदनों की फिर होगी जांच

बैठक में जिलाधिकारी ने बैंकों में विभिन्न सरकारी योजनाओं के निरस्त किए गए आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए उनका पुनः सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से सत्यापन की रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। यदि दोबारा जांच में किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित बैंक की कार्यशैली की रिपोर्ट शासन को भेजने के निर्देश दिए गए।

पांच बड़े बैंकों के सीडी रेशियो पर नाराजगी

जिलाधिकारी ने भारतीय स्टेट बैंक, कैनरा बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, इंडियन बैंक और इंडियन ओवरसीज बैंक के क्रेडिट-डिपॉजिट अनुपात यानी सीडी रेशियो की खराब प्रगति पर नाराजगी जताई। संबंधित बैंक प्रबंधकों को सीडी रेशियो में सुधार लाने के निर्देश दिए गए।

डीएम ने कहा कि सरकारी योजनाओं में ऋण स्वीकृति और वितरण की प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैंक और विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय से काम करते हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाएं और निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक सुमित अग्निहोत्री, उपायुक्त स्वतः रोजगार सुषमा, जिला पंचायत राज अधिकारी अविनाश चंद्र, जिला उद्यान अधिकारी राघवेंद्र सिंह सहित विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक, शाखा प्रबंधक और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *