फर्रुखाबाद न्यूज़:- डीएम ने बच्चों को खिलाई कृमिनाशक गोली, बोलीं—स्वच्छता को बनाएं जिंदगी का हिस्सा |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
4 Min Read

फर्रूखाबाद/

Ad image

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के मौके पर सोमवार को विकासखंड बढ़पुर के प्राथमिक विद्यालय पपियापुर में स्वास्थ्य एवं बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने पहुंचकर बच्चों को निर्धारित कृमिनाशक दवा खिलाई और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। डीएम ने बच्चों से कहा कि स्वस्थ शरीर ही बेहतर पढ़ाई और उज्ज्वल भविष्य की पहली सीढ़ी है।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनन्द उपाध्याय ने फीता काटकर तथा मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया। विद्यालय पहुंचने पर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने जिलाधिकारी का स्वागत किया।

इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बच्चों को निर्धारित कृमिनाशक दवा का सेवन कराया। अधिकारियों ने बच्चों को बताया कि कृमि संक्रमण से शरीर में कमजोरी सहित कई स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां हो सकती हैं। बच्चों के बेहतर शारीरिक विकास, स्वास्थ्य और पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित रखने के लिए कृमि संक्रमण से बचाव जरूरी है।

डीएम ने बच्चों को दिया स्वच्छता का मंत्र

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि साफ-सफाई को केवल किसी अभियान तक सीमित न रखें, बल्कि इसे रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाएं। उन्होंने बच्चों को भोजन से पहले और शौचालय के प्रयोग के बाद साबुन से हाथ धोने, नाखून साफ रखने, स्वच्छ पानी पीने और साफ भोजन करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने बच्चों से अपने घर और आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की अपील की। डीएम ने कहा कि छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर कई बीमारियों से बचाव किया जा सकता है।

सीएमओ ने समझाया कृमिनाशक दवा का महत्व

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनन्द उपाध्याय ने बच्चों को कृमि संक्रमण से होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं और उससे बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बच्चों के शारीरिक विकास और अध्ययन क्षमता के लिए उनका स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है। स्वच्छ हाथ, साफ नाखून, सुरक्षित पेयजल, स्वच्छ भोजन और साफ वातावरण संक्रमण से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

योग और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर माहौल को आकर्षक बना दिया। बच्चों ने योग के विभिन्न आसनों और अभ्यासों का भी प्रदर्शन किया। बच्चों के अनुशासन, उत्साह और शानदार योग प्रदर्शन की जिलाधिकारी ने सराहना की तथा उनका उत्साहवर्धन किया।

डीएम ने बच्चों को नियमित योग एवं शारीरिक गतिविधियों को दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों और स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए किए गए प्रयासों की भी सराहना की।

अभिभावकों और शिक्षकों से बच्चों को अच्छी आदतें सिखाने की अपील

सीएमओ डॉ. आनन्द उपाध्याय ने कहा कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का उद्देश्य बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने के साथ-साथ उन्हें स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक करना भी है। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से बच्चों को नियमित रूप से स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करते रहने की अपील की।

इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार यादव, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर. माथुर, स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *