मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए 17 और 24 अक्टूबर को चलेगा विशेष अभियान

By
Web Desk
Web Desk हमारी संपादकीय टीम का आधिकारिक प्रोफ़ाइल है, जो विभिन्न स्रोतों से प्राप्त समाचारों का सत्यापन कर उन्हें पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय रूप...
4 Min Read

मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए 17 और 24 अक्टूबर को चलेगा विशेष अभियान

पात्र मतदाताओं के नाम शामिल करने और मृतक, स्थानांतरित व डुप्लीकेट नामों के निराकरण के निर्देश

एटा । मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए 17 और 24 अक्टूबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने निर्धारित मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची के साथ उपस्थित रहेंगे और पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया में सहयोग करेंगे। यह निर्देश जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक में दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन के लिए मतदाता सूची का शुद्ध होना आवश्यक है। एक अक्टूबर 2026 को अर्हता पूरी करने वाले सभी पात्र मतदाताओं, विशेषकर 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं, के नाम मतदाता सूची में शामिल कराए जाएं। इसके साथ ही मृतक, स्थायी रूप से स्थानांतरित और डुप्लीकेट मतदाताओं के नामों का नियमानुसार सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।

उन्होंने बताया कि घर-घर सर्वेक्षण के दौरान अनुपस्थित मिले, मृतक, डुप्लीकेट, स्थायी रूप से स्थानांतरित तथा गणना प्रपत्र जमा करने से इनकार करने वाले मतदाताओं की एएसडीडी सूची तैयार की गई है। यह सूची राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) को बूथवार उपलब्ध कराई गई है। सूची में मतदाता का नाम, क्रमांक, ईपीआईसी नंबर और संबंधित कारण दर्ज है।

जिलाधिकारी ने कहा कि यदि किसी पात्र मतदाता का नाम गलत तरीके से एएसडीडी सूची में शामिल किया गया है, तो संबंधित राजनीतिक दल के प्रतिनिधि बीएलओ या निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) के समक्ष आपत्ति दर्ज कराएं। जांच के बाद नियमानुसार पात्र मतदाता का नाम सूची में बहाल करने की कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंटों के माध्यम से 17 और 24 अक्टूबर को चलने वाले विशेष अभियान में सक्रिय सहभागिता करें। नए मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरवाने की प्रक्रिया में भी सहयोग करें। जिन राजनीतिक दलों ने अभी तक सभी मतदान केंद्रों पर बीएलए नियुक्त नहीं किए हैं, वे जल्द नियुक्ति सुनिश्चित करें।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने शेष पात्र मतदाताओं के गणना एवं संबंधित प्रपत्र समय से भरवाकर जमा कराने पर भी जोर दिया, ताकि अंतिम समय में किसी प्रकार की समस्या न हो।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजय नारायण सिंह ने पुनरीक्षण अभियान-2026 की प्रक्रिया की जानकारी दी। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने को लेकर सुझाव रखे।

इस अवसर पर सहायक निर्वाचन अधिकारी विपिन कुमार मोरल, भाजपा महामंत्री सुशील गुप्ता, माकपा जिला सचिव राजाराम यादव, कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशिक हुसैन, समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष भूपेंद्र प्रजापति, बसपा कोषाध्यक्ष पुष्पेंद्र सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Subscribe Newsletter

Loading
TAGGED:
Share This Article
Web Desk हमारी संपादकीय टीम का आधिकारिक प्रोफ़ाइल है, जो विभिन्न स्रोतों से प्राप्त समाचारों का सत्यापन कर उन्हें पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय रूप में पहुंचाने का कार्य करती है। हमारा उद्देश्य ताज़ा और महत्वपूर्ण खबरों को समय पर प्रकाशित कर पाठकों को जागरूक एवं सूचित रखना है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *