कायमगंज/फर्रुखाबाद |
प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एसोसिएशन ने दिल्ली में महिला पत्रकारों के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा की गई कथित मारपीट और अभद्रता के विरोध में राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहन लाल गौड़ और महामंत्री संजय शर्मा के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचे पत्रकारों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
सौंपे गए ज्ञापन के अनुसार, दिल्ली के साकेत नगर क्षेत्र में एक कार्यक्रम की कवरेज के दौरान महिला पत्रकार शाहीन खान और नफीसा खान को पुलिसकर्मी थाने ले गए। आरोप है कि थाने के भीतर दोनों पत्रकारों के साथ न केवल मारपीट की गई, बल्कि उनकी धार्मिक पहचान को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां भी की गईं।
एसोसिएशन ने इस घटना को स्वतंत्र पत्रकारिता के अधिकार और सुरक्षा पर गंभीर हमला करार दिया है। संगठन ने मांग की है कि:
- पूरे घटनाक्रम की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराई जाए।
- आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर कानूनी व विभागीय कार्रवाई की जाए।
- घटना स्थल तथा थाने के सभी सीसीटीवी (CCTV) फुटेज तुरंत सुरक्षित किए जाएं।
इस दौरान राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनिल प्रजापति, कोषाध्यक्ष दीपक तिवारी, कार्यकारिणी सदस्य विनय सक्सेना, जिला महामंत्री इरशाद अली, उपाध्यक्ष महेश वर्मा, आलोक सिंह, विजय कुमार वर्मा, शहीद हुसैन और वाहिद हुसैन समेत दर्जनों पत्रकार मौजूद रहे।

