फर्रुखाबाद न्यूज़:- चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर हमले के विरोध में फतेहगढ़ में गरजे एएसपी कार्यकर्ता, सौंपा ज्ञापन |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

फर्रुखाबाद/फतेहगढ़।

Ad image

आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर कथित हमले के विरोध में बुधवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने फतेहगढ़ स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष सूरज गौतम के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए घटना की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार को ज्ञापन सौंपा।

पार्टी की ओर से दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि 13 सितंबर को बाराबंकी के रामनगर थाना क्षेत्र के बुढ़वल में चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर पथराव एवं हिंसक हमले की घटना हुई। पार्टी का आरोप है कि चंद्रशेखर आजाद गोंडा और अयोध्या में हुई हत्या की घटनाओं के बाद पीड़ित परिवारों से मिलने जा रहे थे, इसी दौरान उनके काफिले को निशाना बनाया गया। ज्ञापन में कई कार्यकर्ताओं के घायल होने तथा वाहनों के क्षतिग्रस्त होने का भी उल्लेख किया गया।

कार्यकर्ताओं ने मांग की कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष और प्रभावी जांच कराई जाए, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक स्थिति सामने आ सके। इसके साथ ही मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की गई। पार्टी नेताओं ने कहा कि यदि जांच में पुलिस स्तर पर किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जानी चाहिए।

शिक्षक भर्ती और पंचायत सहायकों का मुद्दा भी उठा

ज्ञापन में केवल काफिले पर कथित हमले का मामला ही नहीं, बल्कि अन्य मांगों को भी प्रमुखता से उठाया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने लखनऊ के ईको गार्डन में धरना दे रहे पंचायत सहायकों की समस्याओं का समाधान कराने की मांग की। इसके अलावा 68,500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण से जुड़े मामले में पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश का पालन कराने तथा प्रभावित अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की मांग भी रखी गई।

धार्मिक स्थलों पर कार्रवाई की निष्पक्ष समीक्षा की मांग

आजाद समाज पार्टी ने सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद और मुरादाबाद की मुस्तफा मस्जिद सहित अन्य धार्मिक स्थलों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई की भी निष्पक्ष समीक्षा कराने की मांग ज्ञापन में शामिल की। पार्टी नेताओं ने संबंधित मामलों में तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष प्रक्रिया अपनाने की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर आवाज बुलंद की और प्रशासन से ज्ञापन में उठाए गए मुद्दों पर जल्द कार्रवाई की अपेक्षा जताई। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव कुमार, राहुल कुमार, देवेंद्र, सौरभ, नीलेश, सचिन कुमार समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *