रिपोर्ट सुधीर सिंह |
कायमगंज/फर्रुखाबाद।
जिस घर में अगले महीने शादी की शहनाइयां बजने वाली थीं, जहां खुशियों का माहौल था और बारात ले जाने की तैयारियां चल रही थीं, वहां बुधवार को अचानक चीख-पुकार मच गई। हरियाणा के पानीपत में नौकरी कर रहे फर्रुखाबाद के एक 22 वर्षीय युवक की तीसरी मंजिल से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे की खबर मिलते ही शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं और पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया।
पैर फिसलने से हुआ दर्दनाक हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, कायमगंज क्षेत्र के ग्राम बिल्हा निवासी अभिजीत चौहान (22 वर्ष) पिछले कई वर्षों से हरियाणा के पानीपत की एक निजी कंपनी में काम कर रहे थे। बुधवार सुबह करीब 8:00 बजे वह कंपनी की तीसरी मंजिल पर काम कर रहे थे, तभी अचानक उनका पैर फिसल गया। संतुलन बिगड़ने से वह सीधे नीचे आ गिरे। ऊंचाई से गिरने के कारण उन्हें गंभीर चोटें आईं। कंपनी के कर्मचारी उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
6 जुलाई को तय था विवाह, छप चुके थे कार्ड
परिजनों ने रोते हुए बताया कि अभिजीत की शादी आगामी 6 जुलाई को होनी तय हुई थी। घर में शादी की तैयारियां अंतिम चरण में थीं। रिश्तेदारों और दोस्तों को निमंत्रण पत्र भेजे जा रहे थे। पूरा परिवार बड़े बेटे के सेहरे और बारात को लेकर उत्साहित था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। जिस घर से अगले महीने बारात निकलनी थी, वहां अब अर्थी उठने की तैयारी हो रही है।
परिवार का रो-रोकर बुरा हाल, गांव में पसरा सन्नाटा
कंपनी प्रबंधन की सूचना पर जैसे ही अभिजीत की मौत की खबर उनके गांव बिल्हा पहुंची, कोहराम मच गया। माता-पिता, छोटे भाई रवि चौहान और बहन वैष्णवी का रो-रोकर बुरा हाल है। इस असमय हादसे ने पूरे परिवार के सपनों को झकझोर कर रख दिया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन शव लेने के लिए पानीपत रवाना हो गए हैं। कानूनी कार्रवाई और पोस्टमार्टम के बाद शव को गांव लाया जाएगा। इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र की आंखें नम हैं।
