पेमेंट लेकर लौट रहे युवक की ई-रिक्शा की टक्कर से मौत, बैग से 3.57 लाख रुपये गायब होने से उठा रहस्य |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
4 Min Read

कायमगंज/कंपिल/फर्रुखाबाद।

कंपिल थाना क्षेत्र के एक युवक की सड़क हादसे में मौत के बाद उसके पास मौजूद बताए जा रहे 3.57 लाख रुपये रहस्यमय ढंग से गायब होने का मामला चर्चा का विषय बन गया है। परिजनों ने रुपयों के गायब होने पर गंभीर सवाल उठाए हैं, जबकि पुलिस दुर्घटना के साथ-साथ नकदी गायब होने के मामले की भी जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, कंपिल थाना क्षेत्र के गांव नगला फुलू निवासी राहुल यादव (30) पुत्र कल्याण सिंह यादव मंगलवार को अपनी बाइक से कायमगंज तंबाकू का भुगतान लेने आए थे। भुगतान प्राप्त करने के बाद वह शाम को घर लौट रहे थे। इसी दौरान कायमगंज-कंपिल मार्ग पर गांव मेदपुर के निकट एक तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राहुल सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और घायल राहुल को तत्काल अस्पताल भिजवाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

डेढ़ साल पहले हुई थी शादी, पांच माह की बेटी के सिर से उठा पिता का साया

राहुल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। वह पांच भाइयों में चौथे नंबर पर थे। करीब डेढ़ वर्ष पहले उनका विवाह हुआ था और उनकी पांच माह की एक मासूम बेटी है। हादसे के बाद मां विमला देवी, पत्नी आराधना सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना के बाद शोक की लहर दौड़ गई।

फोन पर बताया था—3.57 लाख रुपये लेकर लौट रहा हूं

मृतक के पिता कल्याण सिंह यादव ने बताया कि शाम करीब पांच बजे राहुल से उनकी फोन पर बात हुई थी। राहुल ने बताया था कि वह 3 लाख 57 हजार रुपये लेकर घर लौट रहा है। लेकिन हादसे के बाद जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो राहुल के पास से नकदी नहीं मिली। इससे परिजनों ने आशंका जताई है कि दुर्घटना के बाद रुपये गायब हो गए।

पुलिस ने ई-रिक्शा कब्जे में लिया, हर पहलू की जांच शुरू

पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ई-रिक्शा को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सड़क हादसे के साथ-साथ नकदी गायब होने के मामले की भी गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी जुटाए जा रहे हैं, ताकि पूरे घटनाक्रम का सच सामने आ सके।

राहुल की असमय मौत और लाखों रुपये गायब होने की घटना ने पूरे क्षेत्र में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर पुलिस जांच पर टिकी है कि आखिर दुर्घटना के बाद रुपये कहां गए और इसके पीछे केवल संयोग है या कोई अन्य वजह।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *