कायमगंज/
किशोरी को आत्महत्या के लिए उकसाने के चर्चित मामले में कायमगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी विकास को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं, मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
जानकारी के अनुसार, मृतका के पिता की तहरीर पर 4 जुलाई को विकास सहित कुल पांच लोगों के विरुद्ध आत्महत्या के लिए उकसाने समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार चल रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था।
इसी क्रम में मंगलवार सुबह प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर झब्बूपुर क्रॉसिंग के पास घेराबंदी कर मुख्य आरोपी विकास को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी थाना जहानगंज क्षेत्र के गांव राठौरा मोहद्दीपुर का निवासी है और गिरफ्तारी से बचने के लिए क्षेत्र छोड़कर भागने की कोशिश में था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके विरुद्ध थाना जहानगंज में पहले से एक आपराधिक मुकदमा दर्ज है। आवश्यक विधिक कार्रवाई और मेडिकल परीक्षण के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में नामजद शेष आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का विधिक निस्तारण किया जाएगा।
यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
