संपूर्ण समाधान दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़, सदर तहसील में 79 शिकायतें दर्ज; मौके पर सिर्फ दो मामलों का हुआ निस्तारण

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

फर्रुखाबाद।

जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से सोमवार को सदर तहसील परिसर में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने स्वयं उपस्थित रहकर फरियादियों की शिकायतें सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। हालांकि दोपहर दो बजे तक प्राप्त 79 शिकायतों में से केवल दो मामलों का ही मौके पर समाधान हो सका, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेज दिया गया।

समाधान दिवस के दौरान सबसे अधिक शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित रहीं, जिससे एक बार फिर भूमि विवाद और राजस्व मामलों की गंभीरता सामने आई। इसके अलावा पुलिस, चिकित्सा, विकास, विद्युत एवं अन्य विभागों से जुड़ी समस्याएं भी बड़ी संख्या में अधिकारियों के समक्ष रखी गईं।

जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी अंकुर लाठर ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का निस्तारण पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और तय समय सीमा के भीतर किया जाए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता अथवा अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हर शिकायत का समाधान इस प्रकार किया जाए कि फरियादी को दोबारा कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

भूमि विवादों और आपसी झगड़ों के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिलाधिकारी ने राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों को मौके पर जाकर विवादों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में दोनों विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करें ताकि विवाद बढ़ने से पहले ही उनका समाधान हो सके। साथ ही शिकायतों के निस्तारण के बाद उसकी आख्या निर्धारित समय के भीतर ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करने के भी निर्देश दिए गए।

समाधान दिवस में कुल 79 शिकायतें दर्ज हुईं। इनमें राजस्व विभाग की 36, पुलिस विभाग की 21, चिकित्सा विभाग की 4, विकास विभाग की 3, विद्युत विभाग की 3 तथा अन्य विभागों से संबंधित 12 शिकायतें शामिल रहीं। इनमें से केवल दो शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय, उपजिलाधिकारी सदर गजराज सिंह, तहसीलदार सदर विक्रम सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *