कायमगंज/फर्रुखाबाद |
कोतवाली कायमगंज क्षेत्र के गांव ललैया में एक 8 माह की गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव ललैया निवासी जयवीर जाटव अपनी 22 वर्षीय पत्नी सपना जो करीब 8 माह की गर्भवती थीं और मां लौंग श्री के साथ हरियाणा के बल्लभगढ़ में रहकर मेहनत-मजदूरी करता था। करीब तीन दिन पहले ही जयवीर अपनी पत्नी और मां को लेकर अपने पैतृक गांव ललैया लौटा था।
बुधवार को अचानक सपना की तबीयत बिगड़ गई। परिजनों के मुताबिक, उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। मृतका की सास लौंग श्री ने बताया कि जब वे लोग कायमगंज से फर्रुखाबाद लोहिया अस्पताल के गेट पर पहुंचे, तभी सपना की मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव को वापस अपने घर ले आए।
डेढ़ वर्ष पूर्व हुआ था प्रेम विवाह
मृतका की सास ने बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पूर्व जयवीर और सपना ने आर्य समाज मंदिर में प्रेम विवाह किया था। सपना का मायका कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव लखमीपुर में है। बताया गया कि जयवीर साइकिल पर खिलौने आदि बेचने का काम करता था, इसी दौरान दोनों की मुलाकात हुई जो बाद में प्यार और फिर शादी में बदल गई।
मायके पक्ष ने लगाए गंभीर आरोप
घटना की सूचना मिलने पर मृतका के पिता संजय ने ससुरालियों पर उनकी पुत्री की हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार मोहम्मद हसीन की मौजूदगी में मृतका के शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा ने बताया कि मृतका गर्भवती थी और परिजन उसे डिलीवरी के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
