कमालगंज/फर्रुखाबाद |
थाना क्षेत्र में स्कूल से घर लौट रही मासूम छात्रा ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। इस भीषण हादसे में बाइक पर सवार दो अन्य छात्र भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद मृतक छात्रा के परिवार में कोहराम मच गया।अचानक पेट में दर्द होने पर घर लौट रही थी छात्रा प्राप्त जानकारी के अनुसार, जहानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम गुलरिया निवासी सद्दाम खान की आठ वर्षीय पुत्री नूर फातिमा सरफराबाद स्थित आरके मेमोरियल एजुकेशन सेंटर में कक्षा एक की छात्रा थी। बुधवार सुबह पढ़ाई के दौरान अचानक पेट में दर्द होने पर उसने इसकी जानकारी शिक्षक को दी, जिसके बाद प्रधानाचार्य सैफ अली ने उसे घर भेजने की बात कही। परिवार के ही कक्षा नौ के छात्र जैद (16 वर्ष) और अल्केश (17 वर्ष) उसे बाइक से घर वापस लेकर जा रहे थे।ओवरटेक करने के दौरान हुआ भीषण हादसा रास्ते में गुलरिया गांव के निकट जब बाइक सवार ने आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को ओवरटेक करने का प्रयास किया, तभी सामने से आ रही एक अन्य बाइक से भिड़ंत हो गई। इस असंतुलन के कारण बाइक पर सवार नूर फातिमा नीचे गिर पड़ी और ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गई। हादसे के तुरंत बाद घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने नूर फातिमा को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल जैद को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे। मां रोशन बेगम और भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कार्यवाहक थानाध्यक्ष ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद वाहन चालक के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
