कायमगंज/फर्रुखाबाद |
उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मण्डल उत्तर प्रदेश (कायमगंज इकाई) ने देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को संबोधित एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा है। संगठन ने बैंकों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मनमाने नियमों के खिलाफ आवाज उठाते हुए व्यापारियों को राहत देने की मांग की है।
व्यापारियों ने ज्ञापन के माध्यम से प्रमुख रूप से निम्नलिखित मांगें उठाई हैं:

सातों दिन खुलें बैंक
आयकर कानून के तहत नकद लेन-देन की सीमा और बैंकों के अवकाश के कारण व्यापार व सरकारी राजस्व दोनों का नुकसान होता है, इसलिए सभी सरकारी बैंकों को सप्ताह के सातों दिन खोले जाने के आदेश दिए जाएं।
न्यूनतम बैलेंस और चेक बाउंस चार्ज पर रोक
बचत खातों पर बेहद मामूली ब्याज मिलने के बावजूद ‘मिनिमम बैलेंस’ के नाम पर पेनल्टी का प्रावधान समाप्त हो। साथ ही, चेक बाउंस होने की स्थिति में भुगतान प्राप्त करने वाले व्यापारी पर चार्ज न लगाकर केवल चेक जारी करने वाले के खिलाफ कार्रवाई हो।

कैश हैंडलिंग चार्ज खत्म हो
चालू और लिमिट खातों में व्यापारियों द्वारा नकद जमा करने या निकालने पर वसूले जा रहे ‘कैश हैंडलिंग चार्ज’ को पूरी तरह बंद किया जाए।
लोन रिन्यूअल और वैल्यूएशन फीस पर रोक
सही चल रहे लोन/लिमिट खातों में हर साल रिन्यूअल और प्रॉपर्टी वैल्यूएशन के नाम पर व्यापारियों से भारी-भरकम खर्च वसूला जा रहा है, जिस पर तुरंत रोक लगाई जाए।
एनपीए (NPA) की अवधि बढ़े
तकनीकी कारणों या 3 महीने तक ब्याज जमा न होने पर लोन/लिमिट खाते को एनपीए घोषित कर दिया जाता है, जिससे व्यापार नष्ट होता है। इसे 3 माह से बढ़ाकर 6 महीने किया जाए ताकि व्यापारियों को सुधार का अवसर मिल सके।
केवाईसी (KYC) की सीमा
बार-बार बैंक बुलाकर परेशान करने के बजाय केवाईसी की समयावधि को बढ़ाकर 10 वर्ष किया जाए।
रखरखाव शुल्क समाप्त हो
व्यापारी हित में विभिन्न प्रकार के खातों पर लगने वाले सभी प्रकार के ‘मेंटेनेंस चार्ज’ को समाप्त किया जाए।
इस ज्ञापन पर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोज कौशल,जिला अध्यक्ष संजय गुप्ता, नगर अध्यक्ष अमित सेठ,नगर महामंत्री संजीव अग्रवाल,नगर वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुधीर गुप्ता,नगर उपाध्यक्ष मुस्तफा भाई, आलोक सक्सेना,अमित पालीवाल,प्रेमकमल गुप्ता,विधानसभा अध्यक्ष जितेंद्र रस्तोगी,महामंत्री संगम शाक्य, जिला उपाध्यक्ष लखपति बाबू सक्सेना,वरिष्ठ नगर मंत्री विनीत सक्सेना,अनुराग राठौर,महिला जिला अध्यक्षा रश्मी दुवे,महिला नगर अध्यक्षा मधु गंगवार, उपाध्यक्ष लक्ष्मी राठौर सहित कई अन्य पदाधिकारी और व्यापारी मौजूद रहे।
