नवाबगंज ब्लॉक पहुंचे केंद्रीय प्रभारी अधिकारी सर्वदानंद बरनवाल, योजनाओं की प्रगति परखी |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
4 Min Read

नवाबगंज/फर्रुखाबाद/

जनपद भ्रमण पर आए केंद्रीय प्रभारी अधिकारी एवं निदेशक सर्वदानंद बरनवाल ने मंगलवार को नवाबगंज विकासखंड का विस्तृत निरीक्षण कर विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास तथा पंचायत विभाग से जुड़ी योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही ब्लॉक परिसर में स्थित कृषि गोदाम और बाल विकास परियोजना कार्यालय का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

ब्लॉक सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक की शुरुआत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की समीक्षा से हुई। इस दौरान केंद्रीय प्रभारी अधिकारी ने चिकित्सा प्रभारी डॉ. लोकेश शर्मा से क्षेत्र में गर्भवती महिलाओं की देखभाल, संस्थागत प्रसव तथा 2.5 किलोग्राम से कम वजन वाले नवजात बच्चों की संख्या और उनके उपचार एवं निगरानी की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित लक्ष्यों के बारे में भी विस्तार से चर्चा की। इस पर चिकित्सा प्रभारी ने बताया कि सभी लक्ष्य शासन स्तर से निर्धारित किए जाते हैं और उसी के अनुरूप कार्य किया जा रहा है।

बैठक में बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) मीनाक्षी सिंह ने बताया कि मई माह का पोषाहार समय पर उपलब्ध नहीं हो सका था, जो 25 जून को प्राप्त हुआ है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जुलाई माह के भीतर सभी पात्र लाभार्थियों को पोषाहार का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित कर दिया जाएगा। केंद्रीय प्रभारी अधिकारी ने पोषण कार्यक्रमों की प्रगति, आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यप्रणाली तथा विभागीय उपलब्धियों के संबंध में भी विस्तृत जानकारी ली।

खंड शिक्षा अधिकारी अमर सिंह राणा से विद्यालयों की शैक्षिक गुणवत्ता, नामांकन, उपस्थिति तथा आधारभूत सुविधाओं पर चर्चा की गई। विशेष रूप से उन्होंने छात्राओं के लिए बनाए गए शौचालयों की संख्या, उनकी उपयोगिता और रखरखाव की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक सुधार पर जोर दिया।

इसके अलावा विकासखंड अधिकारी अमरेश चौहान एवं एडीओ पंचायत कृष्णपाल से ग्राम पंचायतों में संचालित विकास कार्यों, स्वच्छता अभियान, पंचायत व्यवस्थाओं और अन्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने विभागवार प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिस पर केंद्रीय प्रभारी अधिकारी ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक के अंत में सर्वदानंद बरनवाल ने सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कार्यों के बेहतर संचालन के लिए सुझाव भी आमंत्रित किए। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर से प्राप्त सुझावों और समस्याओं को शासन स्तर तक पहुंचाया जाएगा, ताकि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं का समाधान किया जा सके।

समीक्षा बैठक के बाद केंद्रीय प्रभारी अधिकारी ने ब्लॉक परिसर स्थित कृषि गोदाम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गोदाम की दीवारों पर मकड़ी के जाले मिलने पर उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को नियमित सफाई एवं रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके उपरांत उन्होंने बाल विकास परियोजना कार्यालय का भी निरीक्षण किया, जहां सीडीपीओ मीनाक्षी सिंह से कार्यालय के अभिलेखों, योजनाओं के संचालन तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पात्र लाभार्थियों तक पहुंचना चाहिए और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *