फर्रुखाबाद के यात्रियों को बड़ा झटका: तीन-चार साल नहीं आएगी कालिंद्री एक्सप्रेस, टूंडला होकर कानपुर चलेगी, मंधना ट्रैक ऊंचा होने के कारण बदला रूट |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
4 Min Read

दिसंबर 2026 तक अमृत योजना के कार्य पूरे करने के निर्देश;

फर्रुखाबाद। दिल्ली आने-जाने के लिए फर्रुखाबाद के लोगों की लाइफलाइन मानी जाने वाली कालिंद्री एक्सप्रेस को लेकर एक बड़ा झटका देने वाली खबर है। मधना में रेलवे ट्रैक को ऊंचा उठाने (लिफ्ट करने) के कार्य के चलते कालिंद्री एक्सप्रेस अगले तीन से चार साल तक फर्रुखाबाद नहीं आ सकेगी। इस अवधि के दौरान इस ट्रेन को टूंडला के रास्ते डायवर्ट कर कानपुर तक चलाया जाएगा।

यह जानकारी अपर मंडल रेल प्रबंधक (ADRM) मनोज कुमार ने बुधवार को फर्रुखाबाद में मीडिया से बातचीत के दौरान दी।

अधिकारियों ने किया मधना ट्रैक का निरीक्षण

इससे पहले ADRM मनोज कुमार उच्चाधिकारियों की टीम के साथ विशेष ट्रेन से मधना ट्रैक का निरीक्षण करने पहुंचे और उसके बाद दोपहर बाद फर्रुखाबाद स्टेशन आए। उन्होंने बताया कि मधना में रेलवे ट्रैक को उठाने का काम जल्द ही शुरू होने जा रहा है, जिसका जायजा लेने के लिए ही यह निरीक्षण किया गया था। ट्रैक के इस बड़े काम की वजह से कालिंद्री एक्सप्रेस का रूट कई सालों के लिए बदला जा रहा है।

निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार पर जताई नाराजगी

स्टेशन परिसर और माल गोदाम की तरफ बन रहे रनिंग रूम का निरीक्षण करते हुए ADRM ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने काम की धीमी गति पर असंतोष जताते हुए अधिकारियों और ठेकेदारों को फटकार लगाई और कार्य की रफ्तार बढ़ाने की हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अमृत योजना के तहत हो रहे सभी निर्माण कार्यों को दिसंबर 2026 तक हर हाल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

पुल हादसे से लिया सबक: ओवरब्रिज की मजबूती जांचने के निर्देश

हाल ही में हुई बेलवा नदी पुल गिरने की घटना को गंभीरता से लेते हुए रेलवे प्रशासन सुरक्षा को लेकर बेहद सतर्क नजर आया। ADRM ने फर्रुखाबाद में बन रहे नए ओवरब्रिज की मजबूती का विशेष रूप से निरीक्षण किया। उन्होंने ठेकेदारों और इंजीनियरों को कड़ी हिदायत देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुल के नए नट-बोल्टों को रोजाना ठीक से चेक करने के आदेश भी दिए गए हैं।

व्यापारियों में भारी आक्रोश, आंदोलन की सुगबुगाहट

कालिंद्री एक्सप्रेस के तीन-चार साल तक बंद रहने की खबर से स्थानीय व्यापारियों और आम जनता में भारी आक्रोश है। दिल्ली व्यापार और इलाज के लिए जाने वाले लोगों के पास कालिंद्री एक्सप्रेस ही एकमात्र सीधा और सुलभ साधन है।

जब मीडिया ने ADRM मनोज कुमार से सवाल किया कि ट्रेन बंद होने पर व्यापारियों द्वारा जबरदस्त विरोध किया जाएगा, तो उन्होंने जवाब दिया कि इस विषय पर रेलवे के उच्च अधिकारियों से वार्ता की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि बीते महीने ही कालिंद्री एक्सप्रेस के बंद होने की अफवाहों और चर्चाओं के बीच स्थानीय व्यापारी संगठनों ने रेलवे अधिकारियों और सांसद को एक प्रार्थना पत्र सौंपकर इस ट्रेन को फर्रुखाबाद से निरंतर चालू रखने की मांग की थी। अब इस आधिकारिक बयान के बाद क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन तेज होने की संभावना है।

निरीक्षण के दौरान उप मंडल रेल प्रबंधक, स्टेशन प्रबंधक सहित रेलवे के तमाम तकनीकी और सुरक्षा अधिकारी मौजूद रहे।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *