फर्रुखाबाद जंक्शन पर रेलवे की बड़ी कार्रवाई: 8 अवैध वेंडर और 9 ट्रेसपासर दबोचे गए |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

फर्रुखाबाद |

फर्रुखाबाद जंक्शन रेलवे स्टेशन पर रेलवे प्रशासन और आरपीएफ ने मंगलवार को अवैध वेंडिंग और रेलवे लाइन पार करने वालों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान लंबी दूरी की ट्रेनों में अवैध रूप से सामान बेच रहे 8 वेंडरों को पकड़ लिया गया, जबकि अनधिकृत रूप से रेलवे ट्रैक पार करने वाले 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया। अभियान चलते ही स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया।

ट्रेन पर पथराव की घटना के बाद सख्त हुआ रेलवे प्रशासन

रेलवे सूत्रों के मुताबिक 24 मई को गाड़ी संख्या 20921 लखनऊ-बांद्रा एक्सप्रेस में एक अवैध वेंडर और यात्री के बीच पैसों को लेकर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्साए वेंडर ने ट्रेन पर पत्थर फेंक दिया। पथराव में एसी थर्ड कोच के बाहरी शीशे टूट गए थे, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई थी।

घटना को गंभीरता से लेते हुए आरपीएफ ने जांच शुरू की। जांच में प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3 पर स्थित राजीव कुमार कैटरिंग स्टॉल पर काम करने वाले शिवा सक्सेना का नाम सामने आया। आरोपी के खिलाफ रेल अधिनियम की धारा 153 और 145 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। बाद में आरपीएफ टीम ने उसे माल गोदाम प्लेटफॉर्म क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

अंत्योदय एक्सप्रेस पहुंचते ही चला छापामार अभियान

रेलवे प्रशासन ने स्टेशन की छवि सुधारने और यात्रियों की सुरक्षा मजबूत करने के लिए सख्त रुख अपनाया। स्टेशन प्रबंधक मनोज कुमार और डीसीसीआई के निर्देश पर प्लेटफॉर्मों पर विशेष निगरानी बढ़ाई गई।

इसी क्रम में गोरखपुर-बांद्रा अंत्योदय एक्सप्रेस के फर्रुखाबाद पहुंचते ही आरपीएफ और रेलवे अधिकारियों ने संयुक्त छापामार अभियान चलाया। अचानक हुई कार्रवाई से अवैध वेंडरों में अफरा-तफरी मच गई। कई वेंडर मौके से भागने की कोशिश करते दिखे, लेकिन टीम ने 8 लोगों को पकड़ लिया।

गांवों में पहुंची आरपीएफ, लोगों को दी चेतावनी

देवरामपुर गांव और श्यामनगर गांव में भी आरपीएफ और जीआरपी ने विशेष जागरूकता अभियान चलाया। निरीक्षक ओ.पी. मीणा और जीआरपी प्रभारी देवेंद्र सोलंकी ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर ट्रेन पर पत्थर न फेंकने, रेलवे ट्रैक पर बाधा न डालने और अनधिकृत रूप से लाइन पार न करने की अपील की।

ग्रामीणों को रेलवे हेल्पलाइन 139 की जानकारी देते हुए कहा गया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे पुलिस को दें। अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी कि रेलवे सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *