अमरोहा में दो पनीर फैक्ट्रियां सील: 2080 किलो पनीर, 4600 लीटर दूध और 60 किलो अरारोट नष्ट, 8 लाख रुपए कीमत
गजरौला/अमरोहा जनपद के मंडी धनौरा तहसील के गजरौला में खाद्य सुरक्षा विभाग ने पनीर बनाने वाली दो फैक्ट्रियों पर छापा मारकर उन्हें सील कर दिया।
टीम ने मौके पर 2080 किलो पनीर, 4600 लीटर दूध और 60 किलो अरारोट नष्ट कराया। विभाग के मुताबिक, नष्ट किए गए माल की कीमत करीब 8 लाख रुपए थी।
यह कार्रवाई कुमराला चौकी के पास अनीस और नफीस की फैक्ट्रियों में की गई। मुरादाबाद के मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी इंद्र बहादुर यादव के नेतृत्व में टीम ने बुधवार-गुरुवार की रात करीब 10 बजे छापा मारा।
टीम ने जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर खाद्य सामग्री नष्ट कराई। जांच के दौरान फैक्ट्रियों में गंदगी के बीच पनीर तैयार किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद दोनों फैक्ट्रियों को सील कर दिया गया।
खाद्य सामग्री में मिलावट की प्रकृति और उसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद ही साफ होगी। विभाग की ओर से आगे की कार्रवाई की जानकारी भी जांच के निष्कर्षों के बाद मिलेगी।
