फर्रुखाबाद।
जिले में लगातार हो रहे सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को यातायात माह का भव्य शुभारंभ किया गया। फतेहगढ़ स्थित पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा का संदेश गूंजा। अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने सुबह 11 बजे जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में शामिल छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स और पुलिसकर्मियों ने लोगों को यातायात नियमों का पालन करने तथा सुरक्षित सफर अपनाने का संदेश दिया।
यातायात माह के शुभारंभ अवसर पर पुलिस लाइन परिसर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें यातायात सुरक्षा से संबंधित लाइव प्रसारण के माध्यम से लोगों को सड़क पर बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई। युवाओं को जागरूकता अभियान से जोड़ने के लिए परिसर में आकर्षक सेल्फी प्वाइंट भी तैयार किया गया, जहां लोगों ने यातायात नियमों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
इसके बाद पुलिस लाइन से निकली जागरूकता रैली में विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं और एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में यातायात जागरूकता से जुड़ी पत्रिकाएं, स्लोगन और संदेश लिखी तख्तियां लेकर चल रहे प्रतिभागियों ने आम नागरिकों से सड़क सुरक्षा को अपनी जिम्मेदारी समझने की अपील की। रैली के पीछे यातायात नियमों और सुरक्षित वाहन संचालन का संदेश देते हुए तीन विशेष रूप से सजाए गए वाहन भी शामिल रहे। पूरे आयोजन के दौरान लोगों को हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
हेलमेट और सीट बेल्ट को बोझ नहीं, जिंदगी की सुरक्षा समझें
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एएसपी गिरीश कुमार सिंह ने कहा कि यातायात माह के दौरान पूरे महीने अलग-अलग तिथियों पर विशेष जागरूकता अभियान और कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से वाहन चालकों, युवाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट लगाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल पुलिस के चालान से बचने के लिए नहीं करना चाहिए, बल्कि अपनी और अपने परिवार की जिंदगी सुरक्षित रखने के लिए करना चाहिए। सड़क पर वाहन चलाते समय थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। तेज रफ्तार, गलत दिशा में वाहन चलाना, बिना हेलमेट सफर करना और नियमों की अनदेखी करना जिंदगी पर भारी पड़ सकता है।
पुलिस के साथ जनता की भागीदारी भी जरूरी
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य केवल यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों की आदतों में सुरक्षित यातायात की संस्कृति विकसित करना भी है। यातायात माह के दौरान जागरूकता कार्यक्रमों के साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी नजर रखी जाएगी।
